City Headlines

Home Delhi दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, मुंगेशपुर में 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तापमान

दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, मुंगेशपुर में 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ तापमान

by Nikhil

दिल्ली में इन दिनों गर्मी रोज नए रिकॉर्ड बना रही है। बुधवार को राजधानी का मुंगेशपुर इलाका सबसे गर्म रहा। यहां 52.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। जबकि मंगलवार यानी कल मुंगेशपुर में 49.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग ने पहले ही बुधवार (29 मई) को गर्मी व लू का रेड अलर्ट जारी किया था।

आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मुंगेशपुर मौसम केंद्र में उच्चतम तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को नजफगढ़ में 48.6 डिग्री सेल्सियस, जफरपुर में 48 डिग्री, पूसा में 48.3 डिग्री, नरेसा में 47.9 डिग्री और पीतमपुरा में 48.3 डिग्री सेल्सियस तामपान रहा।

बीते एक दशक में राजधानी के तापमान में औसतन सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। 2014 की मई में अमूमन 30-33 डिग्री तक गर्म रहने वाली दिल्ली 2024 की मई में 40 डिग्री तक गर्म है। मौसम विभाग अभी राहत की भी कोई खबर नहीं दे रहा है। पूर्वानुमान है कि जून के पहले सप्ताह तक दिल्ली 40 डिग्री से ऊपर की तपिश झेलती रहेगी। इसके बाद ही गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।