City Headlines

Home » दवा बदलने को लेकर हुई मारपीट से आहत भाजपा महिला मोर्चा की नेता ने दी जान

दवा बदलने को लेकर हुई मारपीट से आहत भाजपा महिला मोर्चा की नेता ने दी जान

by City Headline

शाहजहांपुर

शाहजहांपुर में भाजपा महिला मोर्चा की जिला कार्यकारिणी सदस्य ममता तिवारी ने मंगलवार रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले उन्होंने वीडियो में कहा कि मेडिकल स्टोर संचालक और आशा कार्यकर्ता ने उन्हें पीटा, इससे आहत होकर जान दे रही हैं। बुधवार को दोनों आरोपितों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

ममता तिवारी कई वर्ष से तारीन टिकली मुहल्ले में किराये पर रह रही थीं। बेटे हर्ष ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे ममता राजकीय मेडिकल कालेज के सामने स्थित मेडिकल स्टोर संचालक रामजी मिश्रा के पास दवा बदलने गई थीं। आरोप है कि दवा एक्सपायर्ड थी, इसके बावजूद संचालक ने बदलने से इन्कार कर दिया।

विवाद हुआ तो संचालक रामजी मिश्रा और आशा कार्यकर्ता अनीता ने उनकी पिटाई की। उन्होंने एक परिचित को घटना की जानकारी दी, इसके बाद जहर खा लिया। उसकी तबीयत बिगडऩे लगी तो मेडिकल स्टोर के आसपास उपस्थित लोगों ने घर सूचना भेजी, जिसके बाद उन्हें तुरंत राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया।

मेडिकल कालेज में एक तीमारदार ने उनका वीडियो बनाया, जिसमें वह रामजी व अनीता पर पिटाई का आरोप लगा रही थीं। बता रही हैं कि इससे आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया है। देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वह राष्ट्रीय गोरक्षक संघ की जिलाध्यक्ष भी थीं। सूचना पर संगठन के कई सदस्य भी मेडिकल कालेज पहुंच गए।

संगठन कार्यकर्ता तिलहर निवासी रीना सक्सेना ने दोनों आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को दोनों आरोपित फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, दवा किसकी थी, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सीओ सिटी सरवणन टी ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्यवाही होगी।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.