जांस
मूरतगंज कस्बे में शादी वाले घर में शुक्रवार को झाड़ू-पोछा के लिए बुलाई गई सुमन नामक महिला पर कुछ लोगों ने चोरी करने का आरोप लगा दिया। बता दें कि महिला पर चोरी का आरोप लगाते हुए बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरता की गई। बेरहमी से पीटने के बाद करंट लगाया गया। कनपटी पर तमंचा सटा कर गोली मारने की धमकी दी।
जिसके बाद महिला ने थाने में शिकायत लगाई। थाने में कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। इसके बाद कोखराज पुलिस ने आरोपित भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि महिला ने चोरी की बात मानी है।
भरवारी नगर पालिका के नया बाजार नेहरू नगर निवासी भइयालाल की पत्नी सुमन लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा लगाती है। उसने मूरतगंज निवासी दिलीप केसरवानी के घर में पहली से पांच मई तक काम किया था। वहां शादी समारोह था। पीड़िता (सुमन) का कहना है कि शुक्रवार को दिलीप के बेटे मनीष व अंकित कामकाज के बहाने उसे फिर बुलाकर घर ले गए। वहां 60 हजार रुपये चोरी का इल्जाम लगाते हुए कमरे में बंद करने के बाद बेरहमी से पीटा और करंट का झटका दिया।
वह किसी तरह छूटी और घर पहुंचकर आपबीती बताई। उसकी बेटी सोनम ने थाने में शिकायत की पर कार्यवाही नहीं हुई। शनिवार को वह एएसपी के पास पहुंची। अपने शरीर पर चोटों के निशान दिखाए। एएसपी समर बहादुर के निर्देश पर सीओ सिराथू डा. कृष्ण गोपाल सिंह ने जांच की और तहरीर लेकर आरोपित मनीष व अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।