बाराबंकी
अलग-अलग स्थानों पर मारपीट की चार घटनाओं के साथ ही एक स्थान पर आगजनी भी हुई। मारपीट में गर्भवती महिला सहित 19 लोग घायल हुए। कुर्सी थाना के खरिहानी में पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की की गई और एक वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
खरिहानी के सुनील कुमार की आठ वर्षीय पुत्री ने रविवार दोपहर गांव के प्रदीप के पेड़ से आम तोड़ लिया था। प्रदीप ने उसकी पिटाई कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई। पुलिस कर्मियों से भी धक्कामुक्की की गई तो थाने से और पुलिस बल पहुंचा तब जाकर मामला शांत हुआ। एक पक्ष के सुनील व उनकी पांच माह की गर्भवती पत्नी रेखा को गंभीर चोटें आईं, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कुर्सी थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि सुनील की तहरीर पर प्रदीप, विपिन, विक्रम व कपिल के खिलाफ मुकदमा किया गया है। पुलिस से मामूली नोंक-झोंक हुई थी। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई व वाहन क्षतिग्रस्त की घटना से इन्कार किया।
ग्राम निंदूरा के प्रधान पति कमलेश यादव व इसी पंचायत के प्रेम यादव मध्य रंजिश को लेकर सोमवार को निंदूरा स्थित कोको फैक्ट्री के निकट मारपीट हो गई। इसमें दोनों घायल हुए। इसी दौरान निगोहा स्थित प्रेम के छप्परनुमा होटल में आग लगने से वहां रखा सामन जल गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि दोनों को मामूली चोटें है। आग कैसे लगी यह जांच का विषय है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आगजनी का आरोप लगा रहे हैं।
लोनीकटरा थाने के ग्राम ललोखर में रिंकू मंगता का पांच वर्षीय पुत्र सोनू संभलखेरा चौराहे पर इंडिया मार्का हैंडपंप में पानी पी रहा था। तभी देवीपुर के राम आसरे पर पानी की छींट पड़ गई। इस पर राम आसरे ने सोनू की पिटाई कर दी। सोनू के सिर से खून निकल आया जिसे देख रिंकू ने राम आसरे की पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
हैदरगढ़ कोतवाली के गांव कौड़िया मजरे कनवा गांव में रविवार रात माताफेर की पुत्री वंदना की बरात रायबरेली जिले के थाना महराजगंज के ग्राम मदनिया से आई थी। द्वारचार में डीजे बजाने को लेकर बरातियों व जनातियों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के 15 लोग घायल हुए। बड़े बुजुर्गों ने माता फेर व दूल्हे के पिता राम कुमार को समझाकर विवाह संपन्न कराया। दारोगा राकेश कुमार यादव ने बताया कि किसी पक्ष से शिकायत नहीं आई है।