City Headlines

Home Weather गर्मी से मिली राहत, आंधी-पानी से हुआ मौसम में बदलाव

गर्मी से मिली राहत, आंधी-पानी से हुआ मौसम में बदलाव

by City Headline

कानपुर

हिमालय पर आए पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण रविवार रात से मौसम बदल गया। सोमवार सुबह 11 बजे से हवा आंधी में बदल गईं और 70 किलोमीटर प्रतिघंटे से भी तेज रफ्तार से चली हवा की वजह से तापमान में गिरावट हुई। आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ व टहनियां टूटकर गिरीं और बिजली गुल हो गई। इसके अलावा नौबस्ता में एक अस्पताल का टिनशेड सड़क पर खड़ी कारों पर गिर गया।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा.एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर के ऊपर है। साथ ही एक हवा का चक्रवाती क्षेत्र भी बना है। एक ट्रफ लाइन जम्मू कश्मीर से लेकर उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक जा रही है। वहीं बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नम हवाएं भी आ रही हैं। यह सारे सिस्टम प्री मानसून की बारिश कराने के लिए बेहतर स्थितियां बना रहे हैं।

हवाओं के चक्रवाती क्षेत्र की वजह से तेज आंधी व कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो रही है। कानपुर सहित पूरे उत्तर प्रदेश में प्री मानसून की गतिविधियां आज और कल, दो दिन तक जारी रह सकती हैं। सोमवार सुबह से नम हवा संग चली आंधी की रफ्तार करीब 70 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई है। देर शाम को बारिश भी होने के आसार हैं।

Leave a Comment