लखनऊ चुंगी स्थित श्री राम जानकी मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महाभिषेक दूध, दही, घी, शहद चीनी और पंचामृत से किया जायेगा। पूजन और महाआरती में राकेश अग्रवाल और मीरा अग्रवाल की सहभागिता रहेगी। पूजन आचार्य मैथिली शरण शास्त्री कराएंगे। इस अवसर पर भगवान का भव्य शृंगार किया जा रहा है।शाम से मध्य रात्रि तक भजनों से पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो जायेगा। रात के 12 बजते ही घंटा घड़ियाल नगाड़े आदि बजने लगेंगे।
जन्माष्टमी की तैयारियों के लिए श्रद्धालु रविवार से ही जुटे हैं। इसलिए रविवार को झांकी सजाने के लिए सामग्री खरीदने वालों की भीड़ दुकानों पर लगी रही। आज साेमवार के दिन में भी खरीदारी हो रही है। शाम को झांकी के सजाकर रात में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
विदित हो कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाता है। इसदिन झांकी सजाकर रात्रि बारह बजे तक भजन कीर्तन होते हैं। ठीक बारह बजे जन्मोत्सव का आयोजन किया जाता है। झांकी सजाने के लिए झूला, सजावट की झालर, गुलदस्ते, अबरी, माला, लड्डू गोपाल, भगवान के कपड़े, पूजन सामग्री आदि खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रहती है।
READ ALSO: भाजपा ने जम्मू-कश्मीर विस चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
जन्माष्टमी में रामदाना, पगी हुई मेवा का विशेष भोग लगाया जाता है। वैसे तो रामदाना घरों में भूना जाता है लेकिन व्यस्तता के चलते अब भूना रामदाने की मांग बढ़ गई है। इसलिए बाजार में भूना हुआ रामदाना भी उपलब्ध है। इसके अलावा खीरे, केले, अमरूद सहित विभिन्न फलों की भी मांग बढ़ी है।