City Headlines

Home » करंट लगने से हुई दुल्हे की मौत, मातम में बदली खुशियां

करंट लगने से हुई दुल्हे की मौत, मातम में बदली खुशियां

by City Headline

फर्रुखाबाद

परिवार में विवाह जश्न मनाया जा रहा था और महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं। यह मंगल गीत उस वक्त करुण क्रंदन में बदल गए, जिस वक्त बिजली के कटे केबल में दूल्हे का हाथ छू गया और करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।

शमसाबाद के गांव नीबलपुर निवासी स्व. रामनारायण के पुत्र राजीव जाटव का विवाह हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के गांव सुल्तानपुर निवासी श्रीकृष्ण की पुत्री सीमा देवी सेे तय हुआ था। सोमवार को राजीव की बरात जानी थी। बरात जाने से एक दिन पहले रविवार रात घर में दावत चल रही थी, और जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान परिवार के लोग और रिश्तेदार डीजे पर नृत्य कर रहे थे।

इसी दौरान घर में लटक रही बिजली के कटे केबल से दूल्हा राजीव जाटव का हाथ छू गया तो वह करंट की चपेट में आ गया। शोरगुल होने के कारण कोई कुछ समझ नहीं पाया। इस दौरान गांव के युवक मुलायम सिंह की नजर पड़ी तो उसने राजीव को बचाने का प्रयास किया, इससे वह भी झटका खाकर दूर जा गिरा। किसी तरह से राजीव के हाथ से तार छूटा और वह जमीन पर आ गिरा। स्वजन राजीव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सीएचसी पर राजीव को मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद घर में करुण क्रंदन गूंजने लगा। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सुबह घटना की जानकारी होने पर थाने से दारोगा राजेश गौतम फोर्स के साथ पहुुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। स्वजन ने बताया कि राजीव तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई राजकुमार और छोटे भाई जयदेव ने बताया कि सभी लोग विवाह के जश्न मना रहे थे। बरात की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान रात में हादसा हो गया। घटना के बाद मां लड़ैती देवी, बहन मालती देवी व अन्य स्वजन रो-रोकर बेहाल हो गए।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.