मेरठ
पावली खुर्द गांव में शुक्रवार को दिन निकलते ही एक लाख के इनामी सन्नी काकरान समेत तीन हमलावरों ने घर में घुसकर एलएलबी के छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आधा दर्जन से अधिक गोली छात्र के शरीर को भेद गई। फायरिंग में छात्र का छोटा भाई बच गया, जो मकान की दीवार कूद कर भाग गया। घायल छात्र को गढ़ रोड स्थित न्यूट्रिमा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गईं।
पुलिस ने घटनास्थल से 15 खोखे बरामद किए हैं। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र गांव पावली खुर्द निवासी किसान निरंकार चौधरी ने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार सुबह 5:45 बजे उनके मकान के मुख्य गेट खुला था। इसी बीच एक लाख का इनामी बदमाश पावली खुर्द गांव निवासी सनी काकरान अपने दो अज्ञात साथियों के साथ घर में घुस गया। घर के पिछले कमरे में कंप्यूटर पर काम कर रहे निरंकार का 27 वर्षीय बेटा प्रयाग चौधरी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली की आवाज और शोर सुनकर दूसरे कमरों से स्वजन बाहर आए तो हमलावरों ने दोबारा फायरिंग की। जिसमें निरंकार का छोटा बेटा मयंक बाल-बाल बच गया, जो मकान की दीवार कूदकर भागा। इस फायरिंग में निरंकार समेत उनकी पत्नी और मयंक की पत्नी भी बाल-बाल बची है। हमलावर खौफनाक वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। प्रयाग खून से लथपथ कमरे में पड़ा था।
कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को पहले कैलाशी हॉस्पिटल ले गए, उसके बाद न्यूट्रिमा हॉस्पिटल में में ले जाकर भर्ती किया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वजनों की ओर से सन्नी काकरान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। सन्नी काकरान इंचौली के चिंदौडी गांव निवासी बसपा नेता मनोज चौधरी की हत्या में भी वांधित चल रहा है।
बता दें कि उसकी तलाश में क्राइम ब्रांच व मेरठ एसटीएफ लगी हुई थी। क्राइम ब्रांच द्वारा प्रयाग चौधरी से सन्नी काकरान की मुखबिरी कराई जा रही थी, इसी मुखबिरी के चलते प्रयाग की हत्या की गई हैं। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सन्नी काकरान के घर दबिश दी गई है। उसके अन्य दो साथियों की भी जानकारी जुटाई जा रही हैं।