प्रयागराज
आबकारी विभाग में 327 सिपाहियों की नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही पिछली चयन प्रक्रिया से गुजर कर चयनित हुए 376 अन्य सिपाहियों को भी जल्द ही नियुक्त किये जाने की संभावना है। विभाग में भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचने के कारण सिपाहियों की कमी है, जिस कारण छापामारी की कार्यवाही में दिक्कत आ रही है। आबकारी मुख्यालय प्रयागराज से सिपाही के 327 पदों का नया अधियाचन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) लखनऊ भेजा गया है।
अगले कुछ महीनों में यूपीएसएसएससी से इसमें भर्ती का विज्ञापन जारी हो सकता है। साथ ही 2016 में जिन 405 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई थी, उसमें से 376 चयनितों का विवरण आबकारी मुख्यालय भेजा गया है। इनके प्रमाण पत्रों की जांच और पुलिस सत्यापन कराया जा रहा है। शीघ्र ही इनकी नियुक्ति हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि बचे हुए 29 अभ्यर्थियों की सूची भी अगले कुछ दिनों में आ जाएगी।
इसके बाद 2016 के सभी 405 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि विभाग में लंबे समय से सिपाहियों की कमी है। इसके कारण छापामार कार्यवाही कम ही हो पाती है। 2016 से पहले 2011 में 400 पदों पर सिपाहियों की भर्ती हुई थी। भर्ती प्रक्रिया में लंबा वक्त लगने के कारण साल दर साल पदों की संख्या बढ़ती जा रही है। 2016 की नियुक्तियां पूरी होने और नए अधियाचन के अनुरूप भर्ती पूरी होने के बाद छापामारी की कार्यवाही में तेजी आएगी।