City Headlines

Home Uncategorized असम में जारी बाढ़ का कहर, 2 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित

असम में जारी बाढ़ का कहर, 2 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित

by City Headline

असम में बाढ़ के चलते हालात खराब हो गए हैं। राज्य के कछार, चराईदेव, दरांग, धेमाजी, डिब्रूगढ़ और दीमा हसाओ सहित 24 जिलों में अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ और लैंडस्लाइड से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने केरल के 4 जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी के अनुसार, बारिश के बाद हुई लैंडस्लाइड के बाद पहाड़ी जिला दीमा हसाओ राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है। कम्युनिकेशन पूरी तरह बंद है। हाफलोंग की ओर जाने वाली सभी सड़कें और रेलवे लाइन 15 मई से बंद हैं. लगातार बारिश के कारण कई जिलों में सड़कें, पुल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। फसलों तबाह हो गई हैं. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कछार जिले में बाढ़ से दो मौतें हो गई हैं, जबकि दीमा हसाओ में लैंडस्लाइड के कारण तीन मौतें हुई हैं।

बाढ़ से 20 जिलों के 46 राजस्व मंडलों के कुल 652 गांव अब तक प्रभावित हुए हैं। लोगों को राहत देने के लिए सात जिलों में करीब 55 राहत शिविर खोले गए हैं, जिसमें 32 हजार 959 लोगों को आश्रय दिया गया है। NDRF, सेना, SDRF के जवान बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत अभियान में जुटे हैं।

मौसम विभाग ने केरल में भारी बारिश की चेतावनी दी है और मलप्पुरम, कोझीकोड, कन्नूर और कासरगोड जिलों सहित चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा कई इलाकों में बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया गया है।

Leave a Comment