नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि शशि थरूर ने उन्हें फोनकर शुभकामनाएं दी हैं। खड़गे ने सोमवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने भी शशि थरूर को शुभकामनाएं दी हैं। यह चुनाव कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए कराया जा रहा है। हम सभी मिलकर पार्टी और देश को मजबूत करेंगे। वहीं शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगला पार्टी अध्यक्ष कौन होगा यह कांग्रेस मतदाता तय करेंगे। कांग्रेस मतदाता जो भी निर्णय लेंगे उन्हें मंजूर है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दिल्ली में मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की एकमात्र पार्टी है जो अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराती है। आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम, जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में मतदान किया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए आज सभी राज्यों के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मतदान कराए जा रहे हैं। जो कांग्रेसी मतदाता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। उनके लिए वहां भी पोलिंग बूथ बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। 18 अक्टूबर तक सभी राज्यों से मतदान पेटी कांग्रेस मुख्यालय लाए जाएंगे। 19 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
Shashi
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सुझाव पर वह अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। थरूर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने एक लेख लिखा था। जिसमें उन्होंने यह समझाने की कोशिश की थी कि पार्टी में अध्यक्ष पद का चुनाव होना क्यों जरूरी है।
थरूर ने कहा कि उसके बाद पार्टी के अनेक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन्हें अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का आग्रह किया था। जिसके बाद उन्होंने नामांकन दाखिल किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की उम्मीदवारी को लेकर जब थरूर से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि खड़गे साहब पार्टी के महत्वपूर्ण अंग है। वह खड़गे का सम्मान करते हैं। थरूर ने कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है। कार्यकर्ताओं के अनुरोध पर वह अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर और झारखंड के कांग्रेस नेता केएन त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है। कल नामांक भरने से पहले थरूर राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उसके बाद वह नामांकन दाखिल करने कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे।
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार दोपहर को अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
थरूर नामांकन दाखिल करने से पहले राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शशि थरूर के समर्थक मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। वहीं अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने के एक दिन बाद वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। सिंह ने तय किया है कि वह खड़गे के प्रस्तावक बनेंगे। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सिंह का समर्थन करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए खड़गे के नामांकन में प्रस्तावक बनने की मंशा जाहिर की है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए जहां एक तरफ शशि थरूर ने नामांकन पत्र लिया है तो वहीं अब पार्टी कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने भी सोमवार शाम फॉर्म लिए हैं। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह फॉर्म उन्होंने अपने लिए लिए हैं या अपने किसी समर्थक के लिए है।
केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री सोनिया गांधी संग बैठक की और संगठन चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की और अभी तक किन-किन लोगों ने फॉर्म लिए हैं, इसकी भी जानकारी उन्होंने दी।
10 जनपथ में बैठक खत्म होने के बाद मधुसूदन मिस्त्री ने बताया, संगठन चुनाव को लेकर सोनिया गांधी को हमने जानकारी दी है और मतदाता पहचान पत्र भी तैयार कराएं हैं वह भी उन्हें सौंपे हैं। वहीं अब तक कांग्रेस नेता शशि थरूर के यहां से उनका अधिकृत व्यक्ति फॉर्म लेकर गए हैं और दूसरा फॉर्म पवन बंसल बतौर समर्थक लेकर गए, हालांकि उन्होंने खुद के लिए यह फॉर्म नहीं लिया है।
पवन बंसल दो फॉर्म लेकर गए हैं, मैं स्पष्ट भी नहीं हूं, किसके लिए लेकर गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए अब तक शशि थरूर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम सबसे आगे चल रहा था। हालांकि राजस्थान सियासी घमासान के बीच अशोक गहलोत का नाम कहीं न कहीं पिछड़ता जा रहा है, लेकिन पार्टी की तरफ से शशि थरूर के सामने अब कौन अध्यक्ष का चुनाव लड़ेगा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अशोक गहलोत और शशि थरूर का नाम आगे चल रहा है। दोनों जल्द ही चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भी भर सकते हैं। इस बीच शशि थरूर चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि, पार्टी अभी भी राहुल गांधी को मानने की पूरी कोशिश कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर शशि थरूर ने तैयारी शुरू कर दी है। वह पीसीसी डेलीगेट (वोटर) को कॉल कर अपना प्रस्तावक बनने की अपील भी कर रहे हैं। अध्यक्ष की उम्मीदवारी के लिए 10 प्रस्तावक होने चाहिए जो पीसीसी डेलीगेट होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस का कोई भी साधारण सदस्य लड़ सकता है। बस उसे दस पीसीसी मेंबर का समर्थन चाहिए। दस प्रस्तावकों के साथ कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना दावा ठोक सकता है। बस उसे फिजिकली नामांकन के लिए मौजूद रहना होगा। देश भर में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक चुनाव के जरिए 9 हजार पीसीसी डेलीगेट बनाए। ये ही कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव होने की स्थिति में वोट डालेंगे।
इससे पहले अशोक गहलोत ने मंगलवार रात विधायकों के साथ बड़ी बैठक की थी। इस बैठक में गहलोत ने साफ कर दिया कि वह राहुल को मनाने की आखिरी कोशिश करेंगे, अगर वह नहीं राजी हुए तो फिर गहलोत खुद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच रहे हैं और सोनिया गांधी के साथ मुलाकात करेंगे। वह केरल भी जाएंगे और राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे।