लखनऊ। पूरे प्रदेश में शीतलहर और कड़ाके की सर्दी ने परेशानी बढ़ा दी है। कई जिलों में रविवार और सोमवार को दिनभर सूरज नहीं निकला। जहां निकला भी, वहां दोपहर बाद और वह भी लुकाछिपी ही करता रहा। इससे लोगों को राहत नहीं मिली। मंगवार की स्थिति यह है कि पूर्वांह्न साढ़े ग्यारह बजे तक लखनऊ का तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि झांसी का नौ डिग्री तक है।
भारतीय मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि पहाड़ों में पड़ी बर्फ के कारण यह सर्दी बढ़ी है। इसे अभी जारी रहने की संभावना है। हालांकि दो दिन के बाद प्रदेश के कई जिलों में लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को दी गयी जानकारी के अनुसार प्रदेश में न्यूनतम पारा कानपुर नगर का 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बरेली का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नजीमाबाद का चार डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरनगर का 5.2 डिग्री सेल्सियस, झांसी का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा बस्ती जिले का 19 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस सप्ताह बारिश के आसार
सीएसए विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन का पारा नीचे आने की सम्भावना है। न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 10 डिग्री तक आ गया है। वहीं मंगलवार सुबह की शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई है। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री तक नीचे गिर गया है। अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री तक आ गया है।
कानपुर में सोमवार की रात कड़ाके की ठंड पड़ी। यहां तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पड़ोसी जिला फतेहपुर में तापमान 5डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बताया कि आने वाले पांच दिनों में पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हो सकती है। इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद और इसके आस—पास के जिलों में रहेगा।यहां घना कोहरा के साथ ही कड़ाके के शीतलहर रहेगी। इस सप्ताह के अंत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के भी आसार बन रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तीन दिन के दौरान बारिश की संभावना है। जहां 20 से 22 जनवरी के आसपास बादल छाए रहने की संभावना है। इन तीन दिनों में बारिश हो सकती है। इसके बाद तापमान सामान्य होने लगेगा। ठंड का असर भी कम होने लगेगा। बताया कि फरवरी की शुरुआत में फिर बूंदाबांदी की संभावना बन रही है।
कड़ाके की ठंड की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में घना कोहरा पड़ेगा। चेतावनी के मुताबिक मंगलवार को शीतलहर चलने की वजह से हाड़ कपकपा देने वाली ठंड रहेगी।
उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण जिले का न्यूनतम तापमान कानपुर नगर-3.6,फतेहपुर-5, इटावा-7.2, हरदोई-7.5, झांसी-7.7, अलीगढ़-8.2, उरई 8.2,आगरा 8.6,बस्ती 8, लखनऊ-10, प्रयागराज-10.2 तथा वाराणसी में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा।