लखनऊ। देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयन्ती पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेसजनों ने भारत रत्न चाचा नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित कर आजादी की लड़ाई में उनके अतुलनीय योगदान के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर आजादी के महानायक को भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पांडेय ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पंडित नेहरू के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि विरासत में मिले विलासिता और ऐश्वर्य के साधनों का परित्याग कर पंडित नेहरू ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। फूलों की सेज छोड़कर भारत माता को गुलामी से मुक्त कराने के लिए लगभग 10 सालों तक अंग्रेजों की जेल में रहे। उन्होंने अनेक आंदोलनों का नेतृत्व करते हुए आजाद भारत के सपने को साकार करने में अपना अद्वितीय योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि आजादी के उपरांत गरीब देश के सामने अनेकों चुनौतियां थीं, जिसे बखूबी समझते हुए उन्होंने आधुनिक एवं विकासोन्मुख भारत की नींव रखी। इसी क्रम में पंचवर्षीय योजनाओं की शुरुआत की, अनेक उद्योगों की नींव डाली, कृषि के क्षेत्र में देश को उन्नति के मार्ग पर अग्रसर किया, सिंचाई और बिजली निर्माण के लिए भाखड़ा नांगल बाँध के साथ अनेक बाँध एवं नहरें बनवायीं। आधुनिक शिक्षा के लिए आईआईटी, एम्स, आईआईएम जैसे विश्वस्तरीय संस्थान बनवाये।
अनेक देशों ने पंडित नेहरू के वैश्विक नेतृत्व को स्वीकार किया
वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रथम एवं द्वितीय विश्व युद्ध के उपरांत दो गुटों में बंटे विश्व के शीतयुद्ध काल में आजाद हुए भारत को पंडित नेहरू ने किसी गुट का हिस्सा नही बनने दिया, बल्कि गुट निरपेक्षता के सिद्धांत को जन्म दिया। विश्व के अधिकांश देशों ने स्वयं को इसमें शामिल कर पंडित नेहरू के वैश्विक नेतृत्व को स्वीकार किया।
डॉ. उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय में आयोजित विचार गोष्ठी में अनेक नेताओं एवं कांग्रेसजनों ने चाचा नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अपने विचार रखे। जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ला, पूर्व मंत्री नकुल दूबे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष शिव पाण्डे, पूर्व मंत्री मसूद अहमद, अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश चेयरमैन शहनवाज आलम, लखनऊ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, अनीस अंसारी, संजय शर्मा, पूर्व प्रत्याशी रुद्र दमन सिंह बबलू, शहाना सिद्दीकी, अर्चना राठौर, शीला मिश्रा आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन बिजेन्द्र सिंह ने किया।
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार प्रदेश भर में कांग्रेस जनों ने दलित बस्तियों में बच्चों को स्टेशनरी, कापी आदि वितरित किया। लखनऊ में पूर्व मंत्री नकुल दूबे ने मेडिकल कॉलेज एवं सिविल अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किया।
डॉ. पाण्डेय ने बताया कि विचार गोष्ठी में राजेश सिंह काली, सिद्धिश्री, सुधा मिश्रा, सुशीला, डा. पूर्णिमा तिवारी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह, योगेश्वर सिंह, प्रभाकर मिश्रा, राजेन्द्र पाण्डे, मेहंदी हसन, नितांत सिंह, डा. रिचा शर्मा कौशिक, जितेन्द्र कुमार वर्मा, आलोक सिंह, आरएस तिवारी, शमीम खान, विनोद राय, असीम मुन्ना, चर्चिल, तनुज तिवारी, राहुल चतुर्वेदी, अय्यूब और जैसराम आदि शामिल रहे।