भुवनेश्वर । एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-2023 में भारत के घरेलू मैचों के साथ-साथ स्पेन बनाम न्यूजीलैंड मैचों के टिकटों की बिक्री आज से शुरु हो गई है। हॉकी इंडिया ने इसके लिए आज से टिकटों की बिक्री के लिए टिकट आउटलेट खोलने की घोषणा की।
टूर्नामेंट में भारतीय पुरुष हॉकी टीम 28 अक्टूबर 2022 को प्रतिष्ठित कलिंग हॉकी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
न्यूजीलैंड और स्पेन के खिलाफ भारत के मैचों के टिकट कलिंग स्टेडियम के गेट 9 पर स्थित बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ भुवनेश्वर के कई अन्य प्रमुख स्थानों पर खरीदने के लिए उपलब्ध होंगे। जिन प्रशंसकों ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-2023 के लिए पहले ही टिकटजेनी.इन के माध्यम से ऑनलाइन वाउचर खरीद लिए हैं, वे उन्हें कलिंग स्टेडियम के गेट नंबर 9 पर स्थित रिडेम्पशन काउंटर पर ही रिडीम कर पाएंगे।
कलिंग स्टेडियम में बॉक्स ऑफिस शनिवार, 22 अक्टूबर से 11: 00 बजे से 19:00 बजे के बीच खुली रहेगी।
भारत के मैचों के लिए टिकट की कीमत उत्तर और दक्षिण स्टैंड के लिए 100 रुपये, ईस्ट स्टैंड के लिए 200 रुपये और वेस्ट स्टैंड के लिए 500 रुपये है। गैर-भारतीय मैचों के लिए, उत्तर और दक्षिण स्टैंड के लिए टिकट की कीमत 50 रुपये, पूर्व स्टैंड के लिए 100 रुपये और पश्चिम स्टैंड के लिए 200 रुपये है।
भारत एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-2023 अभियान की शुरुआत 28 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच के साथ करेगा, इसके बाद दूसरा मैच 30 अक्टूबर को स्पेन के खिलाफ होगा। न्यूजीलैंड और स्पेन भी 29 अक्टूबर को एक दूसरे से भिड़ेंगे। अगले हफ्ते भारत अपना दूसरा मैच 4 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ और 6 नवंबर को स्पेन से खेलेगा। 5 नवंबर को फिर से स्पेन और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होगा।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने टिकटों की बिक्री के शुभारंभ पर कहा, एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-2023 हमारी टीम के लिए आगे की दुनिया की शीर्ष क्रम की टीमों के खिलाफ प्रदर्शन हासिल करने का एक आदर्श मंच होगा।
उन्होंने कहा, देश भर के हमारे सभी प्रशंसकों के लिए यह भारतीय पुरुष हॉकी टीम को न्यूजीलैंड और स्पेन जैसी कुछ बेहतरीन टीमों की मेजबानी करते हुए देखने का एक बड़ा अवसर है, जिनके खिलाफ भारत जनवरी में अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा। पिछले कुछ वर्षों में, भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम ने कुछ सबसे रोमांचक अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजनों की मेजबानी की है। कोरोना महामारी के बाद हम पहली बार खचाखच भरे स्टेडियम को देखने के लिए आशान्वित हैं।
odisa
भुवनेश्वर । ओडिशा मंत्रिमंडल ने चूना पत्थर को दीर्घकालिक लिंकेज नीति के दायरे में लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे राज्य के उद्योगों को चूना पत्थर की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। मुख्य सचिव एससी महापात्र ने गुरुवार को कहा कि अब उद्योगों को चूना पत्थर की आपूर्ति ओडिशा खनन निगम लिमिटेड के जरिए होगी।
महापात्र ने बताया कि चूना पत्थर को एलटीएल नीति के दायरे में लाने का प्रस्ताव ओडिशा के औद्योगिक विकास निगम ने दिया था जिसका अब ओएमसी के साथ विलय हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस कदम से चूना पत्थर का उत्पादन बढ़ेगा और इसका अच्छा उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। यह राजकोष के लिए भी लाभदायक होगा।
नई दिल्ली । दशहरे से पहले ओडिशा सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 फीसदी का इजाफा किया गया है। अब महंगाई भत्ता 31 फीसदी से बढ़कर 34 फीसदी कर दिया गया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य सरकार के कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
फिलहाल ओडिशा के सरकारी कर्मचारियों को 31 फीसदी की दर से महंगाई भत्ता मिलता था। अब 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद ये 34 फीसदी हो जाएगा। महंगाई भत्ते में हुई ये बढ़ोतरी 1 जनवरी 2022 से लागू होगी। मतलब ये की कर्मचारियों को 8 महीने का एरियर भी मिलेगा। डीए बढ़ोतरी से 4 लाख ओडिशा के सरकारी कर्मचारियों और 3.5 लाख पेंशनभोगियों को फायदा मिलेगा।
राज्य सरकारें लगातार अपने कर्मचारियों के डीए में इजाफा कर रही हैं। लेकिन केंद्रीय कर्मचारी अभी भी अपने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार इस महीने के आखिरी में केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में चार फीसदी का इजाफा कर सकती है। लेकिन सरकार की तरफ से अभी आधिकारिक रूप से कोई भी बयान नहीं आया है। केंद्रीय कर्मचारियों का डीए में हर छह महीने पर बदलाव होता है। पिछली बार मार्च 2022 में डीए में 3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई थी। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 34 फीसदी की दर से डीए मिल रहा है।
28 सितंबर, 2022 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता कैबिनेट की बैठक होने वाली है। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार डीए में बढ़ोतरी को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो सरकार चार फीसदी तक डीए में इजाफा कर सकती हैं। हालांकि, बढ़ती महंगाई को देखते हुए ये पांच फीसदी भी हो सकता है। हालांकि, सरकार ने डीए में बढ़ोतरी के ऐलान को लेकर अभी तारीख का ऐलान नहीं किया है।
अगर सरकार डीए में बढ़ोतरी के फैसले पर मुहर लगने पर 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के साथ 65 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलेगा। केंद्रीय कर्मचारियों को एक अक्टूबर से बढ़े हुए महंगाई भत्ते के साथ वेतन मिलने की उम्मीद है। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 34 फीसदी की दर से डीए मिल रहा है। अगर सरकार इसमें पांच फीसदी का इजाफा करती है, तो डीए बढ़कर 39 फीसदी हो जाएगा।