लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात को प्रदेशस्तरीय बैठक करके कहा कि लोग शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव, हनुमान जयंती, दीपावली, छठ पूजा, देवोत्थान एकादशी, देव दीपावली आदि पर्वों के सुचारु आयोजन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए और कहा कि अराजक तत्वों के साथ कोई नरमी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री योगी ने अपने सरकारी आवास पर ही आगामी त्योहारों के सम्बन्ध में वीडियो कॉन्फ्रसिंग के माध्यम से प्रदेश भर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश का सिलसिलेवार ब्यौरा –
● आने वाले दिनों में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, अयोध्या दीपोत्सव, काशी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहार हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान आदि मेलों का आयोजन भी इसी अवधि में है। कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है। अतः हमें सतत सतर्क-सावधान रहना होगा।
● हर पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए।
● अयोध्या दीपोत्सव का कार्यक्रम अपनी भव्यता के लिए आज पूरी दुनिया में पहचान बना रहा है। ऐसे में समारोह की गरिमा का पूरा ध्यान रखते हुए सभी तैयारियां की जानी चाहिए। 2017 से प्रतिवर्ष दीपोत्सव एक नवीन कीर्तिमान बना रहा है। इस वर्ष 21 लाख दीपों से अवधपुरी जगमग होगी। इस हेतु दीप, तेल, बाती, स्थान, स्वयंसेवकों आदि की पुख्ता व्यवस्था कर ली जाए।
● दीपोत्सव हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। यह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के 14 वर्ष के वन प्रवास के उपरांत अयोध्या लौटने की पावन स्मृति स्वरूप है। अयोध्या दीपोत्सव में भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी, भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक आदि प्रसंगों का प्रतीकात्मक चित्रण भी होगा। सरयू मइया की आरती भी उतारी जाएगी। 04 देशों और 24 प्रदेशों की रामलीलाओं का मंचन होगा। इस आयोजन पर पूरी दुनिया की दृष्टि है। अतः इसकी भव्यता में कोई कमी न हो।
● दीपोत्सव की भव्यता निहारने बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन की सहभागिता होगी। मुख्य समारोह के अतिरिक्त अयोध्या नगर के सभी धार्मिक स्थलों, मठ-मंदिरों की सजावट की जाए। इस मौके पर अनेक गणमान्य जनों की उपस्थिति भी होगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। गलती की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
● अयोध्या जनपद में जगह-जगह पर समारोह का सीधा प्रसारण किया जाना चाहिए, ताकि अधिकाधिक जन दीपोत्सव से जुड़ सकें। मुख्य समारोह संपन्न होने के बाद लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए समुचित प्लानिंग कर ली जाए। महिलाओं, बच्चों और विदेशी कलाकारों को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की व्यवस्था हो। भगदड़ की स्थिति न बने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए। मंदिरों में भीड़ के सम्भावना के दृष्टिगत 24×7 पुलिस बल की तैनाती की जाए।
● दीपोत्सव और देव दीपावली उल्लास एवं उत्साह का अवसर है। बड़ी संख्या में स्थानीय जनता और देश-विदेश से पर्यटक इसमें सहभागिता के उत्सुक होंगे। ऐसे में जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाए। आमजन के आवागमन, बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। भीड़ नियंत्रण में लगे पुलिस बल का व्यवहार सरल और सहयोगी हो। किसी भी श्रद्धालु अथवा पर्यटक को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
● 23 से 26 नवंबर तक काशी में गंगा महोत्सव और 27 को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर परंपरा के अनुसार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। देव दीपावली पर इस वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालुओं व पर्यटकों के आगमन की संभावना है। इस वर्ष 11 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी करें।
● देव दीपावली और छठ के अवसर पर नदी घाटों पर भीड़ प्रबन्धन, सुरक्षा व्यवस्था विशेषकर, महिला सुरक्षा, अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करते हुये आपातकालीन हेल्पडेस्क बनाये जाएं। छोटी नावें न चलें तो बेहतर होगा। नाविकों का सत्यापन कराएं। गोताखोरों की तैनाती रखें।
● 11 नवंबर को हनुमान जयन्ती का पावन अवसर भी है। ऐसे में काशी संकटमोचन और अयोध्या हनुमानगढ़ी पर साज-सज्जा की जानी चाहिए।
● 10 नवंबर को धनतेरस का पर्व है। हर सनातन आस्थावान कुछ न कुछ खरीदारी जरूर करता है। इस मौके पर बाजार में भीड़ बढ़ेगी। ऐसे में अराजक तत्वों व शोहदों की सक्रियता, लूट-पाट की भी घटनाएं न हों, इसके लिए अलर्ट रहना होगा। सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता जांच ली जाए।
● दीपावली के लिए पटाखों की दुकानों व गोदामों का आबादी से दूर होना सुनिश्चित कराएं। जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इंतज़ाम किए जाएं। पुलिस बल की सक्रियता भी बनी रहे। पटाखों की दुकान खुले स्थान पर हो। इन्हें लाइसेंस व एनओसी समय से जारी कर दिया जाए।
● छोटी सी घटना लपरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। त्वरित कार्यवाही और संवाद-संपर्क अप्रिय घटनाओं को संभालने में सहायक होती है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलंब किए, जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान जैसे वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे।
● पर्व और त्योहार खुशियों का अवसर होते हैं। हर व्यक्ति उल्लास-उमंग और आह्लाद में होता है। शरारती तत्व लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं, ऐसे मामलों पर नजर रखें। हर नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार करें। हर दिन पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे। पीआरवी 112 एक्टिव रहे। वरिष्ठ अधिकारी खुद भी इसमें प्रतिभाग करें।
● पर्व और त्योहारों के बीच ग्रामीण हो या कि शहरी क्षेत्र, पर्व-त्योहारों के बीच बिजली अपूर्ति सुचारु रखी जाए। कहीं से भी अनावश्यक कटौती की शिकायत न आए। इसकी समीक्षा की जाए।
● मिलावटखोरी आम जन के जीवन से खिलवाड़ है। किसी भी सूरत में मिलावटखोरी को सहन नहीं किया जाएगा। पर्व-त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांचकी कार्रवाई तेज की जाए। मिलावटी खाद्य पदार्थों के बिक्री की हर शिकायत पर तत्काल कार्यवाही हो। मिलावटखोरों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।
● पर्व और त्योहारों के इस उल्लासपूर्ण माहौल में लोगों के आवागमन में बढ़ोतरी स्वाभाविक है। बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग द्वारा ग्रामीण रुट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाए। खराब हालत वाली बसों को सड़क पर कतई न चलने दें। कोई भी चालक नशे की स्थिति में न हो।
● पूरे प्रदेश में ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन किया जाए। इनके लिए रूट निर्धारित किया जाए।
● प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभर्थियों को दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से उपहार स्वरूप निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर वितरित किया जाना है। लाभार्थियों का आधार सत्यापन करा लिया जाए। हर जनपद में इससे जुड़े आयोजन होंगे
FESTIVALS
मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग सुधीर सिंह ने बताया कि त्योहारों पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर 20 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। मुरादाबाद रेल मार्ग पर 16 अक्टूबर से इसकी शुरुआत होगी। एक दिसम्बर तक स्पेशल ट्रेनों का संचालन होगा। द्वितीय नवरात्र पर सोमवार से वाराणसी से वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए कटड़ा तक ट्रेनों की शुरुआत होगी। यह ट्रेन लगातार चार फेरे लेगी।
सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह के अनुसार 16 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ट्रेन संख्या 04609 वाराणसी से चलेगी। ट्रेन संख्या 04610 वैष्णोदेवी से 18 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक चलेगी। इसी तरह जयनगर से आनंद विहार तक साप्ताहिक रेलगाड़ी संख्या 05557-05558 22 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक चलेगी। गोरखपुर से आनंद विहार ट्रेन संख्या 04487-04488, जोगबनी से आनंद विहार 04009-04010, आनंद विहार से सहरसा रेलगाड़ी संख्या 01661-01662, दरभंगा-नई दिल्ली रेलगाड़ी संख्या 04011-04012, चंडीगढ़-गोरखपुर ट्रेन संख्या 04517-04518, बठिंडा-बनारस 04529-04530, जम्मू-बरौनी 04646-04645, फिरोजपुर से पटना 04677-04678 ट्रेनों को संचालित की जाएंगी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार छह साल की उपलब्धियों का महोत्सव मना रही है। दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। प्रदेश सरकार के मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर सरकार की उपलब्धियों पर प्रेसवार्ता कर रहे हैं।
लोकभवन में आयोजित प्रेसवार्ता में सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सभी केंद्रीय मंत्रियों, सभी पदाधिकारियों, मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों और प्रदेश संगठन का भी आभार व्यक्त किया। प्रदेश की हर उपलब्धि को सकारात्मक रूप में देश-दुनिया में प्रसारित करने के लिए मुख्यमंत्री ने मीडिया का भी आभार व्यक्त किया।
एमएसएमई और ओडीओपी दुनिया में धूम मचा रहा
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जाति, मजहब, परिवार को लेकर जो राजनीति होती थी, उससे हटकर सबके विकास के लिए छह साल में कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि यह वही उप्र है जो दंगा के लिए जाना जाता था।
आज एक करोड़ से अधिक निराश्रित महिलाओं, वृद्ध जनों को पेंशन मिल रही है। सवा दो लाख बेटियों की शादी हुई। एमएसएमई और ओडीओपी दुनिया में धूम मचा रहा है। प्रदेश का कोई जनपद ऐसा नहीं है जहां सरकारी नौकरी न मिल रही हो।
प्रयागराज कुंभ से पहले गंगा एक्सप्रेस वे बन जाएगा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना काल में भी ओडीओपी के माध्यम से रोजगार मिला। भर्तियों में पारदर्शिता बरती गयी। उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिला कार्मिकों की संख्या बढ़ी है। प्रशासन में स्थायित्व है, पहले अधिकारी ताश के पत्ते की तरह फेंटे जाते थे। आज इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रयागराज कुंभ से पहले गंगा एक्सप्रेस वे बन जाएगा।
लोकभवन में प्रेसवार्ता के समय मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और सुरेश खन्ना प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
लखनऊ । दीपावली एवं छठ पूजा के द्रष्टिगत यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए लखनऊ मंडल से होकर प्रतिदिन आवागमन करने वाली ट्रेनों में निर्धारित तिथियों में अस्थाई रूप से अतिरिक्त कोचों को लगाया जा रहा है। इन कोचो के लगने से यात्रियों को गन्तव्य जाने में काफी राहत मिल सकेगी।
उत्तर रेलवे की वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक रेखा शर्मा ने बताया कि जिन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाये जा रहे है उनमें ट्रेन नम्बर-14612/14611 श्री माता वैष्णोदेवी धाम कटरा से 3 से 10 नवम्बर तक गाजीपुर सिटी से 4 से 11 नवम्बर तक, 01654/01653 श्री माता वैष्णो देवी धाम कटरा से 30 अक्टूबर से 13 नवम्बर तक वाराणसी जं0 से 1 से 15 नवम्बर तक इन ट्रेनों में दो-दो स्लीपर कोच लगाए जाएंगे। इसी क्रम में 14307/14308 बरेली से 30 सितम्बर से 10 नवम्बर तक तथा प्रयागराज संगम से 3 अक्टूबर से 13 नवम्बर तक लगाकर संचालित किया जाएगा। इन ट्रेनों में लगे कोचों की अवधि में विस्तारट्रेन नम्बर-12231/12232 लखनऊ से 26 सितम्बर से 10 नवम्बर तक चंडीगढ़ जं0 से 29 सितम्बर से 13 नवम्बर तक एक स्लीपर कोच, 12237/12238 वाराणसी जं0 से 26 सितम्बर से 10 नवम्बर तक जम्मूतवी से 27 सितम्बर से 11 नवम्बर तक थर्ड एसी व स्लीपर का एक-एक कोच, 14235/14236 वाराणसी जं0 से 10 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक बरेली से 11 अक्टूबर से 11 नवम्बर तक एक स्लीपर कोच, 14650/14649 अमृतसर जं0 से 26 सितम्बर से 9 नवम्बर तक जयनगर से 30 सितम्बर से 11 नवम्बर तक एक स्लीपर, 14674/14673 अमृतसर जं0 से 27 सितम्बर से 10 नवम्बर तक जयनगर से 28 सितम्बर से 12 नवम्बर तक दो स्लीपर, 22412/22411 से आनंद विहार से 13 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक नाहरलगुन से तथा 15 अक्टूबर से 12 नवम्बर तक दो थर्ड एसी, 14210/14209 लखनऊ से 10 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक प्रयागराज संगम से 11 अक्टूबर से 11 नवम्बर तक एक-एक जनरल व चेयरकार तक लगाकर चलाया जाएगा।