नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज (शुक्रवार) न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। साथ ही इस बार की सर्दी का सबसे कम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह पिछले पांच साल में सबसे कम न्यूनतम तापमान है। विभाग ने कहा कि राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। पालम वेधशाला के अनुसार, सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता शून्य थी। भारतीय रेलवे के अनुसार, दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से छह घंटे के देरी से चल रही हैं।
कानपुर : न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस
कानपुर। कानपुर मंडल में आगामी पांच दिन तक सुबह एवं रात बेहद सर्द रहेगी। समूचा मंडल घने कोहरे के आगोश में रहेगा। यह पूर्वानुमान भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है। विभाग के अनुसार इस अवधि में आसमान साफ रहने की वजह से वर्षा की संभावना नहीं है।
स्थानीय मौसम विज्ञानी के अनुसार, कानपुर में न्यूनतम ताममान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि सीएसए के वेधशाला में कानपुर का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे गुरुवार रात एवं शुक्रवार सुबह भीषण गलन रही। महानगर कोहरे की गिरफ्त में रहा।