भागलपुर । बिहार में भागलपुर जिले के नवगछिया में कलबलिया घाट पर बुधवार को खेत से घर लौटने के दौरान छह लोग गंगा में डूब गए। इनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया है। तीन लोग अभी भी लापता हैं। घटना की जानकारी के घंटों बाद पुलिस के पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि गंगा में पानी अधिक होने के कारण तीन लोग गंगा में बह गए हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से खोजबीन जारी है लेकिन घंटों बाद तीन लोगों का कोई अता-पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद परिजन में कोहराम मचा हुआ है। काफी संख्या में कलबलिया घाट पर लोगों की भीड़ जुटी है। देर शाम हो जाने के कारण तीनों लोगों को खोजने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन नहीं पहुंची है।
BOAT DROWNED
पंचागढ़। बांग्लादेश के एक नदी में नाव पलटने से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है जबकि दर्जनों लोग लापता बताए जा रहे हैं। घटना बांग्लादेश के उत्तरी पंचागढ़ जिले की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर राजधानी ढाका से 468 किलोमीटर दूर करातोया नदी में लोगों से भरी एक नाव पलट गई। पंचगढ़ के बोड़ा पुलिस थाने के एक अधिकारी सुजॉय कुमार रॉय ने कहा,“महिलाओं और बच्चों सहित 23 लोगों के शव अब तक निकाले जा चुके हैं।”
बोड़ा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी सुजॉय कुमार रॉय ने कहा कि इंजन से चलने वाली नाव आवालिया घाट के पास दोपहर करीब 1:30 बजे बोरोसोशी यूनियन के तहत बोदेशरी हिंदू मंदिर की ओर जा रही थी। अधिकांश यात्री महालया मनाने के लिए मंदिर जा रहे थे। तभी रास्ते में नाव पलट गई। फिलहाल लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
दमिश्क । लेबनान से प्रवासियों को लेकर जा रही एक नाव के सीरियाई जलक्षेत्र में डूबने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य लापता हैं । सीरियाई स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि नाव पर सवार 20 लोगों को बचा लिया गया और तटीय शहर टार्टस में उनका उपचार किया जा रहा है, टार्टस के समीप गुरुवार को नाव डूब गयी थी। तलाश अभियान अभी भी जारी है।
मंत्रालय ने बचाए गए लोगों के हवाले से बताया कि नाव लेबनान से कई देशों के नागरिकों को लेकर रवाना हुई थी, जिनके गंतव्यों की वास्तविक जानकारी नहीं है।
सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने सूत्रों के हवाले से कहा कि नाव में 120-150 लोग सवार थे। जिसमें लेबनानी, सीरियाई और अन्य अज्ञात राष्ट्रीय नागारिक सहित सभी साइप्रस जा रहे थे।
नोम पेन्ह । कंबोडिया में चीनी दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि चीनी नागरिकों को लेकर जा रही एक नाव गुरुवार की शाम दक्षिण-पश्चिम कंबोडिया के समुद्र में डूब गई।
चीनी दूतावास के अनुसार गुरुवार रात उन्हें कंबोडिया के पुलिस विभाग से एक अधिसूचना प्राप्त हुई कि नाव में सवार 41 चीनी नागरिकों में से 18 को बचा लिया गया जबकि 23 अभी भी लापता हैं और चालक दल के दो कंबोडियाई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
बचाए गए लोगों के अनुसार नाव में सवार होकर वे 11 सितंबर को चीन के ग्वांगझो से रवाना हुए और प्रीह सिहानोक प्रांत के जल क्षेत्र में पहुंचने के तुरंत बाद संकट में आ गए।
दूतावास ने कहा कि दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही चीनी राजदूत वांग वेंटियन ने कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय, पुलिस विभाग, प्रीह सिहानोक प्रांत की सरकार और अन्य संबंधित विभागों से तत्काल संपर्क स्थापित करने के लिए कर्मचारियों को कहा और लापता लोगों को बचाने का अनुरोध किया। दूतावास के सलाहकार और महावाणिज्य दूत ली जी राहत-बचाव कार्यों का समन्वय करने के लिए गुरुवार रात प्रीह सिहानोक पहुंचे। राहत और बचाव कार्य जारी है।