बीकानेर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को यहां कहा कि राज्य की जनता से विनम्र शब्दों में आग्रह कर रहा हूं कि बार-बार आप सरकार बदल देते हो, हमें एक मौका और दे दो। जनता हवा में बह जाती है। कभी कर्मचारियों की हवा में तो कभी मोदी जी की हवा में और हम हार जाते हैं लेकिन इस बार कांग्रेस सरकार रिपीट करवा दो ताकि राज्य में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं हो। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी बन रही है, ईस्टर्न कैनाल परियोजना सहित बड़ी-बड़ी परियोजनाएं हम लाएंगे। प्रदेश में कोई भूखा नहीं सोए, यह हमारी सोच है।
संभाग के तीन जिलों के दौरे पर निकले गहलोत बीकानेर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं किसी भी पद पर रहूं, राजस्थान का हूं, मारवाड़ का हूं, जोधपुर का हूं, उससे कैसे दूर हो सकता हूं, अंतिम सांस तक यहां के लोगों की सेवा करता रहूंगा। एक सवाल के जवाब में गहलोत ने कहा कि बीजेपी के मंसूबे कांग्रेस पूरे नहीं होने देगी। बीजेपी का यही प्रयास रहता है कि सरकार किसी प्रकार से पांच साल पूरे नहीं करे। हॉर्स ट्रेडिंग कर ली लेकिन हमारे बंदे मजबूत हैं, बिल्कुल भी नहीं हिले और सरकार बच गयी। कांग्रेस सरकार अभी मजबूत है, हम पांच साल पूरे करेंंगे, छात्रों-युवाओं के लिए बजट पेश करेंगे। प्रदेशवासियों को दिल से अपील करता हूं देश का भविष्य अगली युवा पीढ़ी पर है। सीधा मुझे आप सुझाव भेजें ताकि हम वह योजनाएं लेकर आएं, जिससे सभी का भला हो और कांग्रेस मजबूत बनकर उभरे। वर्तमान देश के हालात चुनौतियों से भरे हैं, साम्प्रदायिकता में जो भी हो रहा है, वो अच्छा नहीं हो रहा।
गहलोत यह भी बोले कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए सरकार हिल गयी है। इस यात्रा ने कर्नाटक में प्रवेश किया है। सवा दो लाख लोग एकत्रित हुए। यात्रा में बीजेपी ने सोशल मीडिया का उपयोग करके चार-पांच दिन राहुल गांधी पर अटैक किया लेकिन कुछ नहीं हुआ और अब बीजेपी के पास कोई पॉइंट नहीं है। इस यात्रा से सब लोग खुश है और सोच रहे हैं कि अब जाकर मुकाबला बराबरी का होगा। साथ ही साथ कांग्रेस संगठन के चुनाव चल रहे हैं। देश को मैसेज दिया जा रहा है। यही माहौल बना है, जो आगे बढ़ता जाएगा। इस अवसर पर गहलोत के साथ शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला, ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी और मंत्री गोविंदराम मेघवाल भी मौजूद थे।
Ashok
नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। गहलोत ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद खुद इसकी जानकारी दी।
गहलोत ने कहा कि वह चाहते थे कि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ें। इसके लिए उन्होंने खुद कोच्चि जाकर राहुल गांधी से अनुरोध किया था लेकिन जब वह नहीं माने तो ऐसे में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का मन बनाया था। अब राजस्थान में उपजे संकट के बाद वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे।
गहलोत ने कहा कि वह कांग्रेस के वफादार सिपाही हैं। बीते दो दिनों में राजस्थान में जो कुछ भी हुआ उससे वह बहुत दुखी हैं। इन घटनाओं के लिए उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी भी मांगी है।
उल्लेखनीय है कि यह अभी साफ नहीं हो पाया है कि गहलोत मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे या फिर पार्टी किसी और को मुख्यमंत्री बनाएगी। जब गहलोत से पत्रकारों ने इस मुद्दे पर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि इस फैसले पर अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का है। वह जो फैसला लेंगी सबको मान्य होगा।
जयपुर। राजस्थान में सियासी ड्रामा जारी है। जहां इस्तीफा सौंपने वाले गहलोत खेमे के विधायकों ने कांग्रेस आलाकमान द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन के सामने कुछ शर्ते रखते हुए मुलाकात से इनकार कर दिया। इस बाबत अजय माकन ने बताया कि विधायक दल की मीटिंग बुलाई गई थी और हमलोग इंतजार करते रहे। उन्होंने कहा कि विधायकों के नहीं आने पर उनसे हमलोग लगातार वन-टू-वन संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले से तय एक आधिकारिक मीटिंग का बहिष्कार करना अनुशासनहिनता की श्रेणी में आता है।
अजय माकन ने कहा कि अब यहां कोई फैसला नहीं होगा। जो रिपोर्ट होगा वो हम कांग्रेस अध्यक्षा को सौंपेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी एक-एक विधायक की बात सुनेंगीं। माकन ने बताया कि विधायकों की शर्त है कि 102 विधायक जो बगावत के समय भी पार्टी के प्रति समर्पित थे, उनमें से ही किसी को सीएम नियुक्त किया जाना चाहिए, लेकिन सचिन पायलट को नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधायक इस शर्त पर रिजोल्यूशन पास करने की बात रख रहे थे।
अजय माकन ने कहा कि इस पर हमलोगों ने फिर मना किया कि कांग्रेस के इतिहास में कभी कंडिशन लगाकर कोई रिजोल्यूशन पास नहीं हुआ है। फिलहाल हम और खड़गे जी अब दिल्ली जा रहे हैं और सभी अपडेट से कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी को पूरे मामले से अवगत करवाएंगे।
इतना ही नहीं अजय माकन ने कहा कि पहले से तय एक आधिकारिक मीटिंग के समानांतर कोई अनाधिकृत मीटिंग बुलाना अनुशासनहिनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों की बैठक बुलाई गई थी। इसके समानांतर में मंत्री धारीवाल के घर पर बैठक की गई। यह प्रथम दृष्टि में अनुशासनहीनता का ही काम है। आगे देखते हैं कि उन पर क्या कार्रवाई होती है।
वहीं इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस राजनीतिक संकट पर राजस्थान विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौर ने कहा कि जब पूरे मंत्री मंडल ने त्यागपत्र दे ही दिया है, तो अकेले मुख्यमंत्री क्या करेंगे? मुख्यमंत्री को मंत्रीमंडल की आपात बैठक बुलाकर सदन को भंग करने की सिफारिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अस्थिरता की ओर बढ़ चली है। राजेंद्र राठौर ने कहा कि पहली बार बहादुर विधायकों ने अपने आलाकमान को ललकारा है।
राजस्थान राजनीतिक संकट पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर तंज किया। उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो’ में मनोरंजन कम हुआ अब राजस्थान में भी शुरू हो गया है। राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। यह पार्टी सिर्फ सत्ता का सुख भोगना चाहती हैं, जनता की सेवा नहीं करना चाहती।
जयपुर। केरल में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और प्रभारी महासचिव अजय माकन राजस्थान सीएम के चेहरे पर फैसला करेंगे। अशोक गहलोत ने कहा कि मैं राहुल गांधी से कई बार अपील कर चुका हूं कि वे सभी की बात मानते हुए अध्यक्ष बने, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया है कि गांधी परिवार का कोई भी व्यक्ति अध्यक्ष नहीं बनेगा।
गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, मैंने राहुल गांधी से मिलने के बाद उनसे अनुरोध किया था। देश भर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पारित कर रही है, इसलिए हमने कहा कि उन्हें उसमें अध्यक्ष का पद स्वीकार करना चाहिए। अशोक गहलोत ने बताया कि, उन्होंने (राहुल गांधी) साफ तौर पर कहा कि हमने तय कर लिया कि इस बार गांधी परिवार से कोई भी पार्टी का मुखिया नहीं बनेगा। उन्होंने कहा- मुझे पता है कि हर कोई क्या चाहता है, मैं उनका सम्मान करता हूं। उन्होंने मेरे लिए प्रस्ताव पारित किए, मुझे उनके लिए सम्मान की भावना है। लेकिन, इस बार हमने फैसला किया है कि एक गैर-गांधी परिवार का व्यक्ति अध्यक्ष बनना चाहिए।
सीएम पद छोड़ने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि, आज तक जो भी कांग्रेस अध्यक्ष बना वह व्यक्ति मुख्यमंत्री नहीं रहा। अगर मुझे मौका मिला तो मैं कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में ही काम करूंगा। राजस्थान में सीएम पद खाली होने पर अगले चेहरे के सवाल पर गहलोत ने कहा कि सोनिया गांधी अगली प्रक्रिया के बारे में फैसला करेंगी। उन्होंने कहा, सोनिया गांधी और प्रभारी महासचिव अजय माकन मिलकर फैसला करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को शिरडी के साईं बाबा मंदिर में माथा टेकने के बाद जयपुर लौटकर नामांकन की तैयारियां शुरू करेंगे।
कोच्चि। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि वह पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। कोच्चि में संवाददाताओं से मुखातिब गहलोत ने यह भी कहा कि राजस्थान सरकार का नेतृत्व करने के लिए उनके उत्तराधिकारी के संबंध में कोई भी फैसला कांग्रेस की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश में पार्टी मामलों के प्रभारी अजय माकन द्वारा लिया जाएगा।
गहलोत ने कहा, मैं (केरल से राजस्थान) लौटने के बाद तिथि तय करूंगा (नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए), लेकिन मैंने फैसला किया है कि मुझे चुनाव होगा। यह लोकतंत्र का सवाल है और आइए, हम एक नयी शुरुआत करें।
तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर के कांग्रेस के अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल होने की अटकलों पर गहलोत ने कहा कि ‘कांग्रेस के अन्य मित्र भी चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन पार्टी में एकता और सभी स्तरों पर संगठन को मजबूत करना सबसे ज्यादा मायने रखता है।
उन्होंने कहा, कांग्रेस के कुछ मित्र हैं। अगर वे चुनाव लड़ते हैं तो कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन, नतीजों के बाद हम सभी को कांग्रेस को ब्लॉक, गांव और जिला स्तर पर मजबूत बनाने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए और अपनी (कांग्रेस की) विचार प्रक्रिया को आधार बनाकर आगे बढऩा चाहिए, ताकि हम एक मजबूत विपक्ष के रूप में उभर सकें।
राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के मौजूदा हालात को देखते हुए एक मजबूत विपक्ष की जरूरत है।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर अशोक गहलोत और शशि थरूर का नाम आगे चल रहा है। दोनों जल्द ही चुनाव लड़ने के लिए नामांकन भी भर सकते हैं। इस बीच शशि थरूर चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। हालांकि, पार्टी अभी भी राहुल गांधी को मानने की पूरी कोशिश कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर शशि थरूर ने तैयारी शुरू कर दी है। वह पीसीसी डेलीगेट (वोटर) को कॉल कर अपना प्रस्तावक बनने की अपील भी कर रहे हैं। अध्यक्ष की उम्मीदवारी के लिए 10 प्रस्तावक होने चाहिए जो पीसीसी डेलीगेट होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव कांग्रेस का कोई भी साधारण सदस्य लड़ सकता है। बस उसे दस पीसीसी मेंबर का समर्थन चाहिए। दस प्रस्तावकों के साथ कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना दावा ठोक सकता है। बस उसे फिजिकली नामांकन के लिए मौजूद रहना होगा। देश भर में कांग्रेस पार्टी ने संगठनात्मक चुनाव के जरिए 9 हजार पीसीसी डेलीगेट बनाए। ये ही कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव होने की स्थिति में वोट डालेंगे।
इससे पहले अशोक गहलोत ने मंगलवार रात विधायकों के साथ बड़ी बैठक की थी। इस बैठक में गहलोत ने साफ कर दिया कि वह राहुल को मनाने की आखिरी कोशिश करेंगे, अगर वह नहीं राजी हुए तो फिर गहलोत खुद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे। अशोक गहलोत दिल्ली पहुंच रहे हैं और सोनिया गांधी के साथ मुलाकात करेंगे। वह केरल भी जाएंगे और राहुल गांधी के साथ मुलाकात करेंगे।