अयोध्या। देश के सबसे आमिर घरानो में एक अंबानी परिवार ने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को 2.51 करोड़ रुपये का दान दिया है। सोमवार को मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी, दोनों बेटे और बेटी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में पहुंचे थे।
रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी, बेटे आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका, अपनी होने वाली पत्नी राधिका मर्चेंट के साथ अनंत अंबानी और मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने अपने पति आनंद पीरामल के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुकेश अंबानी अपने मोबाइल पर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को पूरा लाइव देख रहे थे। अंबानी परिवार ने इस दौरान अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट को 2.51 करोड़ रुपये का दान दिया है।
अंबानी परिवार ने एक बयान में कहा, ‘मुकेश अंबानी ने अपनी फैमिली के सदस्यों के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 2.51 करोड़ रुपये का दान दिया है। अयोध्या में राम मंदिर का पवित्र प्रयास गहरा सांस्कृतिक महत्व रखता है।’ मुकेश अंबानी ने एक बयान में कहा था, ‘आज भगवान राम आ रहे हैं, 22 जनवरी को पूरे देश के लिए राम दीवाली है।’ वहीं, नीता अंबानी ने इसे एक ऐतिहासिक दिन बताया था।
जगमग था एंटीलिया
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से एक दिन पहले ही अंबानी परिवार के घर एंटीलिया को भगवान राम की थीम पर सजाया गया था। एंटीलिया जय श्री राम लिखे और दियों को चित्रित करते होलोग्राम से रोशन हो रहा था। रिलायंस ग्रुप ने सोमवार को अपने 4 लाख से अधिक कर्मचारियों को जश्न मनाने के लिए छुट्टी भी दी थी। इसके अलावा देशभर में रिलायंस के कैंपस के मंदिरों में विशेष पूजा की गई। रिलायंस रिटेल और रिलायंस जियो ने रामभक्तों और तीर्थयात्रियों के लिए विशेष सेवाएं भी शुरू की। इनमें हाई स्पीड इंटरनेट, जियो टीवी पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण और ग्राहकों को दीये बांटना शामिल है।
AMBANI FAMILY
मुंबई। नीता मुकेश अंबानी के कल्चरल सेंटर केंद्र के हाल ही में मुंबई में ओपनिंग समारोह खूब चका चौंध के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हॉलीवुड और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं का जमावड़ा रहा। इस शाही समारोह में बॉलीवुड किंग शाहरुख खान से लेकर रणवीर सिंह तक सभी ने दमदार परफॉर्मेंस दी। एक्ट्रेस शनाया कपूर से लेकर सोनम कपूर तक कई एक्ट्रेसेस ने महंगे डिजाइनर ड्रेसेस में अपना जलवा दिखाया।
हमेशा की तरह इस बार भी अंबानी परिवार ने इस बात का भी ख्याल रखा कि इस शाही समारोह में कोई कमी न रह जाए। मेहमानों के लिए शाही भोज भी आयोजित किया गया। एक्ट्रेस महीप कपूर ने इस इवेंट की कुछ खास तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की हैं, जिनमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में शाही भोज की झलक भी दिखाई। तस्वीरों में चांदी की थाली में तरह-तरह के पकवानों की दावत देखी जा सकती है। चांदी की थाली में नौ अलग-अलग तरह की दाल और सब्जियां परोसी गई हैं। साथ ही इस थाली में गुजिया, मिठाई, पापड़, रोटी, परांठे भी शामिल थे। अंबानी की पार्टी में इस शाही धूमधाम को देखकर हर कोई दंग रह गया।
नीता मुकेश अंबानी के कल्चरल सेंटर केंद्र के उद्घाटन का कार्यक्रम मुंबई में दो दिनों तक चला। पहले दिन सितारों ने डैशिंग लुक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, तो इवेंट के दूसरे दिन शाहरुख खान, रणवीर सिंह, वरुण धवन जैसे सितारों ने डांस परफॉर्मेंस देकर इस इवेंट को यादगार बना दिया। इस कार्यक्रम में प्रियंका चोपड़ा, निक जोनास, करण जौहर, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर, ऐश्वर्या राय, सलमान खान और लगभग पूरा बॉलीवुड और हॉलीवुड मौजूद था।
नाथद्वारा पहुंचा अम्बानी परिवार , श्रीनाथजी मंदिर में हुई छोटे पुत्र अनंत और राधिका मर्चेन्ट की रोका सेरेमनी
उदयपुर । देश के प्रमुख बिजनेसमैन मुकेश अम्बानी गुरुवार को सपरिवार नाथद्वारा पहुंचे। वे यहां एक विशेष मकसद से आए। यहाँ मुकेश अम्बानी के छोटे पुत्र अनंत अम्बानी की एंगेजमेंट सेरेमनी राधिका मर्चेन्ट के साथ हुई। यह रोका समारोह नाथद्वारा के प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में हुआ है ।
फिलहाल शादी की तारीख सामने नहीं आई है। अम्बानी परिवार ने इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए नाथद्वारा को चुना। नाथद्वारा से अम्बानी परिवार का जुड़ाव गहरा है। उल्लेखनीय है कि अम्बानी ने फाइव-जी की लॉन्चिंग भी नाथद्वारा से की थी।
अम्बानी परिवार की होने वाली छोटी बहू राधिका मर्चेन्ट वीरेन व शैला मर्चेन्ट की बेटी हैं, जो पूर्व में भी अम्बानी परिवार के विभिन्न आयोजनों में नजर आती रही हैं। राधिका के पिता वीरेन एनकोर हेल्थकेयर के सीईओ हैं। राधिका की स्कूलिंग मुम्बई की है जबकि उच्च शिक्षा न्यूयॉर्क में हुई है। वहां उन्होंने पॉलिटिक्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद वर्ष 2017 में उन्होंने इसप्रावा टीम को एक सेल्स एक्जीक्यूटिव के रूप में जॉइन किया। वह एक ट्रेंड इंडियन क्लासिकल डांसर भी हैं।