City Headlines

Home Delhi PM मोदी समेत 40 दिग्गज दिल्ली में जीत के लिए लगाएंगे जोर, सूची में गौतम गंभीर और लवली का भी नाम

PM मोदी समेत 40 दिग्गज दिल्ली में जीत के लिए लगाएंगे जोर, सूची में गौतम गंभीर और लवली का भी नाम

by Nikhil

दिल्ली की सातों सीटों पर उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के कई दिग्गज उतरेंगे। सियासी संग्राम में बतौर स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तो होंगे ही, साथ ही केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसद, सांसद प्रत्याशी और राष्ट्रीय पदाधिकारी उतरेंगे। इसमें कई फायर ब्रांड नेता और बॉलीवुड में अपनी धमक रखने वाले नेता शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि बड़ी रैली के साथ ही छोटी-छोटी जनसभा पर जोर दिया जाएगा।

प्रदेश भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें अपने-अपने क्षेत्र के 40 धुरंधर शामिल हैं। खास बात यह भी है कि दिल्ली लोकसभा चुनाव में जितने सांसदों का टिकट काटा गया है उन्हें भी स्टार प्रचारक की टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल अरविंदर सिंह लवली को शामिल किया गया है। सोशल इंजीनियरिंग का प्रयोग करते हुए सभी वर्ग, जाति के साथ ही दिल्ली में रह रहे प्रवासियों को साधने के लिए उस प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री को भी तरजीह दी गई है।

भाजपा सूत्रों का कहना है दिल्ली में 25 मई को चुनाव है। लिहाजा ज्यादातर राज्यों में चुनाव संपन्न हो चुका रहेगे। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो-तीन रैली दिल्ली में कर सकते है। इनके अलावा स्टार प्रचारकों की सूची में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गड़करी, पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, स्मृति ईरानी, अर्जुन राम मेघवाल को शामिल किया है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और हिमंत बिस्वा सरमा भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे। भाजपा इन्हें अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र में प्रचार की जिम्मेदारी सौंप सकती है। इनके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को वैसे क्षेत्र में उतारा जाएगा, जहां हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंंड के प्रवासी रहते है। इनके अलावा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, प्रेम चंद बैरवा, दीया कुमारी, सम्राट चौधरी भी चुनाव प्रचार करते दिखेंगे। इसी डॉ. अरुण सिंह, तरुण चुघ, दुष्यंत कुमार गौतम, ओम प्रकाश धनखड़, डॉ. अलका गुर्जर, मनजिंदर सिंह सिरसा, अनिल बलूनी, वीरेंद्र सचदेवा, मनोज तिवारी, हेमा मालिनी, के अन्नामलाई, मुख्तार अब्बास नकवी, डॉ. हर्षवर्धन, मीनाक्षी लेखी, विजय गोयल, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, गौतम गंभीर, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, अरविंदर सिंह लवली भी स्टार प्रचारक होंगे।