अगरतला। त्रिपुरा विधानसभा की दो सीटों के लिए हुए उपचुनाव में दोनों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जीत हुई है। शुक्रवार को छठे और आखिरी राउंड की मतगणना समाप्त होने के बाद बोक्सानगर तथा धनपुर दोनों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी को जीत हासिल हुई। जीत के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय के साथ राज्य भर के भाजपा कार्यालयों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है।
बोक्सानगर सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी तफज्जुल हुसैन ने 34,146 वोट प्राप्त कर 30,237 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, इस सीट पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार मिजान हुसैन 3,909 वोट लेकर 33,965 मतों के भारी अंतर से चुनाव हार गए। इस सीट पर 434 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
राज्य की दूसरी विधानसभा सीट धनपुर से उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार बिंदु देवनाथ 30,017 वोट प्राप्त करके 18,871 मतों से चुनाव जीते। उनके प्रतिद्वंदी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार कौशिक चंद्रा 11,146 मत प्राप्त करके 18,871 मतों के अंतर से चुनाव हार गए। इस सीट पर 533 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
दोनों सीटों पर भाजपा की जीत के बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। सुबह से ही प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी थी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही जश्न शुरू हो गया।