लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायकआशुतोष टंडन गोपाल का लम्बी बीमारी के बाद गुरुवार को निधन हो गया। उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। वह लखनऊ पूर्वी सीट से वर्तमान में विधायक थे। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे उन्हें जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें आईसीयू सपोर्ट में भी रखा गया था।
रक्षामंत्री ने जताया शोक
आशुतोष टंडन के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्लेटफार्म ‘एक्स’ के जरिए कहा- उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक, आशुतोष टंडन के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ। उनका राजनीतिक जीवन लखनऊ वासियों की सेवा में समर्पित था। पार्टी को मजबूती देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। लखनऊ और प्रदेश के विकास के लिए, उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्ति करता हूँ। ओम शान्ति।