City Headlines

Home » भारत-ग्रीस : कृषि में सहयोग पर समझौता, सैन्य-रक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने पर सहमति

भारत-ग्रीस : कृषि में सहयोग पर समझौता, सैन्य-रक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने पर सहमति

by Madhurendra
PM, Modi, Al Ahli Hospital, attack, death, Gaza, death, sadness, victim's family, condolences, injured, healthy, Palestine

एथेंस। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ग्रीस दौरे पर दोनों देशों के बीच कृषि के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता हुआ है। साथ ही सैन्य व रक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने पर भी सहमति बनी है।

दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ग्रीस यात्रा पर पहुंचे। वहां ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ग्रीस और भारत के बीच दुनिया की दो पुरातन सभ्यताओं, दो पुरातन लोकतांत्रिक विचारधाराओं और दो पुरातन व्यापार और सांस्कृतिक संबंधों वाला एक स्वाभाविक रिश्ता है। हमारे रिश्ते की बुनियाद प्राचीन और मजबूत है। उन्होंने जानकारी दी कि उनकी यात्रा के दौरान कृषि क्षेत्र में सहयोग के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में, दोनों देश सैन्य संबंधों के साथ-साथ रक्षा उद्योग को सशक्त बनाने पर सहमत हुए हैं। साथ ही दोनों देशों ने आतंकवाद और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आपसी सहयोग पर चर्चा की। तय हुआ कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर का भी संवाद होना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बताया कि ग्रीस के प्रधानमंत्री और वे इस बात से सहमत हैं कि दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में भी इसमें बढ़ोतरी की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए, दोनों देशों ने 2030 तक अपने द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का निर्णय लिया है। मोदी ने कहा कि 40 साल के लंबे अंतराल के बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री ग्रीस आए हैं, फिर भी हमारे रिश्तों की गहराई और गर्माहट कम नहीं हुई है। इसलिए भारत-ग्रीस संबंधों को रणनीतिक स्तर पर ले जाने का फैसला किया गया है। दोनों देशों ने रक्षा और सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, कृषि, शिक्षा, नई और उभरती प्रौद्योगिकी और कौशल विकास के क्षेत्रों में अपना सहयोग बढ़ाने और अपनी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने का निर्णय लिया है।

भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच कुशल प्रवासन को आसान बनाने के लिए जल्द ही एक प्रवासन और गतिशीलता साझेदारी समझौता करने का निर्णय लिया गया है। ग्रीस ने भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और निवेश समझौते के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया। यूक्रेन मुद्दे पर दोनों देश कूटनीति और बातचीत का समर्थन करते हैं। संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ग्रीस के सहयोग के लिए मोदी ने ग्रीस के प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस ने भारतीय प्रधानमंत्री के भारत आने का निमंत्रण स्वीकार किया और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 के लैंडिंग की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों देश अपने समय की चुनौतियों से निपटने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.