City Headlines

Home » नूंह हिंसा: बुलडोजर ने ढहाए अवैध निर्माण , 2.6 एकड़ जमीन से हटाया अवैध निर्माण

नूंह हिंसा: बुलडोजर ने ढहाए अवैध निर्माण , 2.6 एकड़ जमीन से हटाया अवैध निर्माण

by Sanjeev

नूंह/गुरुग्राम । हरियाणा में ब्रजमंडल धार्मिक यात्रा के दौरान हुई हिंसा में शामिल लोगों के घरों पर बुलडोजर लगातार चल रहा है। जिला प्रशासन ने जहां 2.6 एकड़ जमीन से अवैध निर्माण हटाया और 45 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया, वहीं लगभग 15 अस्थायी स्ट्रक्चर तोड़े।
एसडीएम अश्विनी कुमार ने शनिवार को बताया कि अवैध निर्माणों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अब तक जो निर्माण ढहाए गए हैं, उनके मालिकों की कहीं न कहीं हिंसा में संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आदेशों पर यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन की तरफ से गिराए गए स्ट्रक्चरों के मालिकों को पहले ही नोटिस दे दिया गया था।
अवैध निर्माणों को ढहाने का अभियान नलहड़ मेडिकल कॉलेज के आसपास के क्षेत्र में चलाया गया। अडबर चौक से तिरंगा चौक तक तोड़फोड़ अभियान जारी रहा, वहीं नलहड़ रोड पर अवैध निर्माण गिराने की प्रक्रिया दिनभर जारी रही।
गौरतलब है कि मेवात में यात्रा के दौरान हुई हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। जिलाधीश की ओर से शनिवार को दोपहर 12 से दोपहर बाद 3 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई ताकि लोग जरूरी सामान की खरीदारी कर सकें। हिंसा मामले में अब तक 56 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और 145 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले 10 लोगों पर मामले दर्ज किए हैं।

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.