City Headlines

Home » पूरा देश आजादी के 75 वर्षों की यात्रा का साक्षी बन रहा है: मुख्यमंत्री

पूरा देश आजादी के 75 वर्षों की यात्रा का साक्षी बन रहा है: मुख्यमंत्री

by Madhurendra

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने सोमवार को यहां कहा कि आज का अवसर हमारे लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। पूरा देश आजादी के 75 वर्षों की यात्रा का साक्षी बन रहा है। इन 75 वर्षों के आत्मावलोकन का सौभाग्य सभी को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने इन वर्षों में एक लम्बी यात्रा तय की है। यह अवसर हमें नए संकल्पों के साथ अमृतकाल की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान कर रहा है।
उन्होंने देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए आजादी की लड़ाई को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए अपना मार्गदर्शन प्रदान करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा उन सभी ज्ञात-अज्ञात अमर सेनानियों तथा वीर सपूतों और आजादी की लड़ाई में सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों का स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को यहां विधान भवन के समक्ष ध्वजारोहण करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।

प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम से आमजन को जोड़कर इसे एक राष्ट्रीय उत्सव बनाया है। इसके अन्तर्गत विगत 05 दिनों से विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने का हम सबको अवसर प्राप्त हुआ है। 11 से 17 अगस्त 2022 तक स्वतंत्रता सप्ताह, हर घर तिरंगा कार्यक्रम तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर देश में मौन पैदल यात्रा के माध्यम से उस त्रासदी को स्मरण करने के कार्यक्रमों से सभी जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये समस्त कार्यक्रम हम सभी को अपने अतीत की गौरवशाली विरासत से जोड़ते हैं। प्रत्येक भारतवासी को इस पर गर्व की अनुभूति करनी चाहिए।
उन्होंने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों वीरता पुरस्कार से अलंकृत भारत के वीर सैनिकों व उनके परिजनों तथा पद्म पुरस्कारों से अलंकृत प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब कोई सरकार 05 वर्ष का अपना सफल कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार निर्वाचित होकर आयी। यह 37 वर्षों के बाद देखने को मिला है। यह भी उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ कि कोई मुख्यमंत्री 05 वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक, बिना डिगे, बिना रुके पूरा करने के बाद पुनः शपथ ग्रहण कर प्रदेश की जनता की सेवा के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने अपनी सरकारी की विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को भी गिनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार कृषि है। देश और प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता प्राप्त की है। विगत 05 वर्षों में अन्नदाता किसान के हितों के लिए डबल इंजन की सरकार ने अनेक कार्यक्रम चलाये हैं। प्रदेश के किसानों द्वारा किये जाने वाले उत्पादन में आने वाले समय में चार गुना वृद्धि के लक्ष्य की कार्ययोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती के लिए गोवंश की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए गोवंश संरक्षण के लिए सरकार ने कार्य प्रारम्भ किये। प्रकृति और प्रगति के बेहतर समन्वय को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में दशकों से लम्बित सिंचाई परियोजनाओं को विगत 05 वर्षों में पूर्ण कराया गया है। इससे 21 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि में सिंचाई की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अनन्त सम्भावनाएं छुपी हुई हैं। 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से इन सम्भावनाओं को साकार किया है। भोजपुरी, अवधी, ब्रज तथा बुन्देलखण्डी संस्कृतियों ने एक साथ जुड़कर लघु भारत का दृश्य प्रस्तुत किया है। भोजपुरी ठेठ ग्रामीण भारत की व्यवस्था का प्रदर्शन करती है। अवधी रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प प्रदान करती है। ब्रज भाषा हमें मातृभूमि के साथ अपनत्व का भाव जोड़ने के लिए स्नेह के बन्धन से जोड़ती है, जबकि भारत की आन-बान और शान की प्रतीक बुन्देली संस्कृति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी-फरवरी 2023 में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये के नये निवेश का लक्ष्य है। इसके माध्यम से रोजगार, स्किल डेवलपमेन्ट के साथ ही प्रदेश के प्रत्येक परिवार के एक व्यक्ति को रोजगार के साथ जोड़ने के वृहद कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
इन्हें सम्मानित किया
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिव नारायण गुप्त, कीर्ति चक्र से अलंकृत मेजर एके सिंह, शौर्य चक्र से अलंकृत कर्नल भरत सिंह, ब्रिगेडियर अखिल कुमार सिन्हा के साथ-साथ वीर चक्र से अलंकृत शहीद कुंवर सिंह चौधरी, शहीद राजा सिंह तथा शौर्य चक्र से अलंकृत शहीद हरि सिंह बिष्ट के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने पद्म भूषण से सम्मानित मरणोपरान्त पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह, पद्म भूषण राशिद खान, पद्म भूषण आचार्य वशिष्ठ त्रिपाठी, पद्मश्री शीशराम, पद्मश्री कमलिनी अस्थाना, पद्मश्री नलिनी अस्थाना, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र, पद्मश्री सेठपाल सिंह, पद्मश्री डॉ. विद्या बिन्दु सिंह, पद्मश्री स्वामी शिवानन्द, पद्मश्री प्रो. कमलाकर त्रिपाठी और पद्मश्री डॉ. अजिता श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया।
मंत्री और अफसर रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, मेयर संयुक्ता भाटिया, सांसद अशोक वाजपेयी के अलावा मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद और सूचना निदेशक शिशिर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Subscribe News Letter

Copyright © 2022 City Headlines.  All rights reserved.