City Headlines

Home education बीएचयू में इफ्तार पार्टी के आयोजन पर फूंका गया कुलपति का पुतला

बीएचयू में इफ्तार पार्टी के आयोजन पर फूंका गया कुलपति का पुतला

by City Headline

रमज़ान के पाक महीने में आज काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित महिला महाविद्यालय में रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया। जिसमें कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन भी शामिल हुए। कुलपति के साथ महिला महाविद्यालय के रोज़ादार शिक्षक, शिक्षिकाओं व छात्राओं ने अपना रोज़ा खोला व इफ्तार की। जिसके बाद छात्रों ने हंगामा कर कुलपति का पुतला फूंका।

एक छात्र ने बताया, “विश्वविद्यालय में पिछले 5 साल से इफ्तार का आयोजन नहीं हुआ। पहली बार इसका आयोजन हुआ। वहीं दूसरी ओर BHU के चीफ प्रॉक्टर भुवन चंदा कापड़ी के अनुसार विश्वविद्यालय द्वारा मजहबी रंग देने का प्रयास हो रहा है। कई छात्रावासों में इफ्तार पार्टियों का आयोजन किया जाता है, जिसमें सभी समुदायों के छात्र भाग लेते हैं, कोई आधिकारिक समारोह नहीं किया जाता है। यह पहली बार नहीं है जब कोई कॉलेज अधिकारी इफ्तार पार्टी में शामिल हुआ है, PM और CM भी इसमें शामिल हुए हैं।

इसी के साथ ही इस मामले पर BHU के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से कहा गया है कि भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित सर्वविद्या की राजधानी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय समावेशी संस्थान है। विश्वविद्यालय अपनी शिक्षा की गुणवत्ता व शोध, समग्रता के लिए वैश्विक ख्याति प्राप्त है। यहां दुनिया भर के विद्यार्थी आते हैं और निर्भय होकर शिक्षा अर्जित करते हैं। महामना के मूल्यों व आदर्शों के अनुरूप स्थापित इस विश्वविद्यालय में किसी भी आधार पर, किसी के साथ भी भेदभाव का कोई स्थान नहीं है।

सबके प्रति समानता के भाव संबंधी महामना का सद्वाक्य काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उल्लेखित है। महामना के जीवन दर्शन के आधार पर ही विश्वविद्यालय आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जिन मूल्यों को केन्द्र में रखकर BHU को स्थापित किया, उन का अनुसरण करते हुए विश्वविद्यालय में त्योहारों व उत्सवों का आयोजन होता है।

जिसमें विश्वविद्यालय परिवार के सदस्य प्रेम व सद्भाव के साथ शामिल होते हैं। दिनांक 27.04.2022 को महिला महाविद्यालय में रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें कुलपति को आमंत्रित किया गया था। पिछले दो वर्षों से कोरोना महामारी की वजह से इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो सका था। इस बार यह आयोजन किया गया जिसमें कुलपति समेत विभिन्न अधिकारियों ने शिरकत की।

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में कई वर्षों से रोज़ा इफ्तार का आयोजन होता रहा है और बीएचयू परिवार के मुखिया के रूप में कुलपति जब भी परिसर में उपलब्ध होते हैं, इस कार्यक्रम में शामिल होते हैं तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हैं। पूर्व में कई बार विभिन्न कुलपतिगण ने इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ बैठकर इफ्तार की है। इस संबंध में विश्वविद्यालय का शैक्षणिक व सद्भावपूर्ण वातावरण बिगाड़ने की कोशिश निंदनीय है।

Leave a Comment