बलरामपुर
रेहराबाजार निवासी विजय गुप्ता के साथ रविवार रात लूट हो गई। वह कस्बा बाजार से बाबागंज मार्ग पर ग्राम केराडीह के पास धानेपुर से वापस आ रहे थे। बाइकसवार बदमाशों ने विजय पर असलहे से फायरिंग कर दी, जिससे वह घायल हो गया। लुटेरे मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित के दाहिने हाथ में गोली लगी है। घायल अवस्था में वह किसी तरह रेहरा अस्पताल पहुंचा। चिकित्सक डॉ. चंद्रप्रकाश ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। रेहराबाजार निवासी विजय गुप्त बाबागंज मार्ग पर कपड़े की दुकान करता है।
बता दें कि रविवार की शाम वह धानेपुर गया था। रात में करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक पर सवार होकर लाैट रहा था। रास्ते में केराडीह गांव के पास पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया। उनके से एक ने असलहा निकालकर फायर कर दिया। गोली हाथ में लगते ही विजय सड़क पर गिर पड़ा। तभी बदमाशों ने उसे दबोच लिया। उसकी जेब में रखा मोबाइल व नकदी निकाल ली।
विजय सड़क पर पड़ा दर्द से तड़पता रहा और बदमाश लूट को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गया। आसपास सुनसान व किसी ग्रामीण की आहट न होने पर विजय हिम्मत बांधते हुए किसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहराबाजार पहुंचा। चिकित्सक ने उसका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
उधर प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे ने सीएचसी पहुंचकर घायल का हालचाल पूछा। इसके बाद घटनास्थल का जायजा लिया। सीओ उदयराज सिंह ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। ममाले की छानबीन की जा रही है।