सीतापुर
महोली के मूड़ा-ब्रम्हावली में युवक की ईंटों से कूचकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप, उसके ही चार दोस्तों पर लगा है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक की मौत जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई। मूड़ा-ब्रम्हावली में रहने वाले 20 वर्षीय महेंद्र पुत्र मिट्ठू की चचेरी बहन की शादी गुरुवार को थी। घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहे थे। बारातियों का स्वागत हो रहा था।
इसी बीच महेंद्र गायब हो गया। परिवारजन का कहना है कि रात करीब 11 बजे गांव के ही रामू ने बताया कि महेंद्र गांव के बाहर अमित भट्ठे के पास घायल अवस्था में पड़ा है। खबर मिली तो परिवारजन मौके पर पहुंचे। देखा कि महेंद्र लहूलुहान हालत में पड़ा था। ईंटों और धारदार हथियार से प्रहार किया गया था। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी महोली लाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान महेंद्र की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
परिवारजन ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। युवक की हत्या का कारण क्या है, पुलिस इसकी तलाश कर रही है। परिवारजन ने उसके ही कुछ दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पूछताछ और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मृतक महेंद्र, ट्रक पर हेल्परी का काम करता था। घर में बेटी की शादी हो रही थी और महेंद्र के घायल अवस्था में पड़े होने की खबर पहुंची। खुशियां गम में बदल गईं।
आनन-फानन में महेंद्र को जिला अस्पताल लाया गया। महेंद्र की मौत से शादी वाले घर में मातम का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला ईंट से कूचकर युवक की हत्या की गई है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।