City Headlines

Home Kanpur पौष्टिक और गुणवत्ता वाला खाद्यान्न तैयार करें किसान- सूर्य प्रताप शाही

पौष्टिक और गुणवत्ता वाला खाद्यान्न तैयार करें किसान- सूर्य प्रताप शाही

by City Headline

कानपुर

पिछली सदी में खाद्यान्न का संकट था, लेकिन कृषि विश्वविद्यालयों में विकसित तकनीक व हरित क्रांति से देश समृद्ध हुआ। यूक्रेन व रूस के बीच युद्ध के दौरान हम कई देशों को आपूर्ति दे रहे हैं। अब किसान प्राकृतिक खेती को बढ़ाकर पौष्टिक व गुणवत्ता वाला खाद्यान्न तैयार करें। यह अपील प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए विवि) में आठवीं एल्युमिनाई मीट और दो दिवसीय प्राकृतिक खेती पर राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान की है। साथ ही प्राकृतिक खेती कर रहे सात किसानों को सम्मानित किया।

कृषि मंत्री ने कहा, प्राकृतिक व गो आधारित खेती एकमात्र समाधान है। सभी कृषि विज्ञान केंद्र एक एकड़ में प्राकृतिक खेती कराएं और किसानों को प्रशिक्षित करें। इससे उनकी आय व रोजगार बढ़ेगा। कुलपति डा. डीआर सिंह ने कहा, दो दिन की संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती पर जो सुझाव आएंगे, उसे सरकार को भेजेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने दो वर्ष पहले प्राकृतिक खेती शुरू कराई थी। इससे एक हजार से ज्यादा किसान लाभान्वित हो रहे हैं। उनकी आय दो से तीन गुणा बढ़ी है। अब कृषि विज्ञान केंद्रों पर प्राकृतिक खेती के परीक्षण होंगे। विश्वविद्यालय फसलों की 300 से अधिक प्रजातियां विकसित कर चुका है।

कृषि मंत्री ने बताया, कृषि कोर्स करा रहे महाविद्यालयों को कृषि विश्वविद्यालयों से संबद्ध कराने की तैयारी है। प्रस्ताव पर जल्द फैसला हो सकता है। उन्होंने कुलपति से विवि में शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां करने के लिए कहा है।

उन्होंने बताया, झांसी एफपीओ (किसान उत्पादक संगठन) को प्राकृतिक खेती के रूप में चलाएंगे। बुंदेलखंड में क्लस्टर बनाकर प्राकृतिक खेती का हब तैयार करेंगे। कुलपति ने बताया, विश्वविद्यालय से संबद्ध कृषि विज्ञान केंद्र मैनपुरी में मूंगफली, इटावा में टमाटर की खेती, फतेहपुर में बकरी पालन और अलीगढ़ में सरसों उत्पादन व मधुमक्खी पालन का उत्कृष्टता केंद्र बनाया गया है।

Leave a Comment