नई दिल्ली। सरकार ने अगले साल अक्टूबर से पैसेंजर कारों में छह एयरबैग अनिवार्य करने का फैसला लिया है। इसे पहले इसी साल से लागू होना था, लेकिन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को ट्वीट करके बताया कि इसे फिलहाल एक साल के लिए टाल दिया गया है।
नितिन गडकरी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि पैसेंजर कारों में छह एयरबैग अनिवार्य करने का फैसला अब एक अक्टूबर, 2023 से लागू होगा। गडकरी ने कहा कि ऑटो इंडस्ट्री अभी ग्लोबल सप्लाई चेन की समस्या से जूझ रही है। इसलिए इसको फिलहाल एक साल के लिए टालने का फैसला किया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के मोटर व्हीकल में सफर कर रहे यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारत सरकार ने इससे पहले यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आठ सीट वाले वाहनों में भी 6 एयरबैग अनिवार्य करने का आदेश दिया था, जो एक अक्टूबर, 2022 से प्रभावी होना था। सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने वाहन यात्रियों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम-1989 में संशोधन के बाद इसको लागू करने का फैसला किया था, ताकि यात्री वाहनों में सुरक्षा बढ़ाई जा सके।
दरअसल, इसी माह टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद छह एयरबैग अनिवार्य करने की मांग उठी थी।