पंजाब के पटियाला में काली देवी मंदिर के पास दो समूहों के बीच कल हुई थी। इस झड़प में शिवसेना नेता हरीश सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक स्थानीय ने बताया, “कल का माहौल बहुत खराब था अब शांतिपूर्ण है। अभी मंदिर भी खुले हैं और सभी भक्त यहां दर्शन करने आ रहे हैं। मामले में FIR दर्ज किया गया है, पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पटियाला की उपायुक्त साक्षी साहनी ने बताया कि आज 6 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी तो घबराने की जरूरत नहीं है। मैं सबसे अनुरोध करूंगी कि सब शांति बनाए रखें। यहां की स्थिति नियंत्रण में है और हम लगातार निगरानी कर रहे हैं। पटियाला मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है। घटना में घायल हुए सभी मरीज की हालत स्थिर है।
एसएसपी नानक सिंह ने कहा है कि तथ्यात्मक जानकारी पुलिस और प्रशासन द्वारा आपको समय-समय पर दी जाएगी। आप उसी पर विश्वास करे। यदि कोई गलत सूचना फैलाने की कोशिश करता है तो आप उस पर विश्वास न करे। वहीं पंजाब सरकार ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पटियाला रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पटियाला और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को तत्काल प्रभाव से ट्रांसफर कर दिया।
मुखविंदर सिंह चिन्ना को नया आईजी (पटियाला), दीपक पारिक को नया एसएसपी (पटियाला) और वज़ीर सिंह को पटियाला का नया एसपी नियुक्त किया गया है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा है कि चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी आम आदमी पार्टी की क्षमता और सोच पर सवाल उठे। उनके रिश्ते जिन लोगों के साथ हैं और किस सोच को वो बढ़ावा देते हैं, इसपर भी सवाल उठाए गए।
पटियाला में जो हुआ है, वो संकेत है कि पंजाब में क़ानून व्यवस्था कैसे चरमरा रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री पंजाब में कम और पंजाब के बाहर ज्यादा समय बिता रहे हैं… क्या उन लोगों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे जिन्होंने शांति को भंग करने का काम किया है… पंजाब में शांति हो, विकास हो, भाईचारा बना रहे ये भाजपा की प्राथमिकता रही है।
पंजाब सीएम भगवंत मान ने मीडिया को बताया कि पटियाला में शांति हो चुकी है इस मामले में शिवसेना, अकाली दल और कांग्रेस के वर्कर थे। ये मामला दो समुदाय का नहीं था बल्कि दो राजनीतिक पार्टियां के वर्कर आपस में लड़े थे। पुलिस अधिकारियों को बदल दिया गया है। अभी शांति समिति की बैठक चल रही है।
आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा है कि पटियाला में पूरी तरह से शांति बहाल है। पुलिस प्रशासन ने बेहतरीन काम करते हुए वहां शांति बहाल कराया है। भगवंत मान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कुछ प्रशासनिक फैसले लिए है। कुछ पुलिस अधिकारी को हटाकर नए लोगों को जिम्मेदारी दी है हालात और खराब ना हो इसके लिए पुख्ता इंतज़ाम किया गया है। मैं साफ शब्दों में कहना चाहता हूं कि कोई भी शख्स जो पंजाब के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करेगा उसे बख़्शा नहीं जाएगा।