नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आपत्ति के बाद पंजाब पुलिस ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा हटा दी है। इससे पहले, पंजाब पुलिस विधानसभा चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल को सुरक्षा प्रदान कर रही थी। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि ‘इलेक्शन कमीशन और दिल्ली पुलिस की आपत्ति के बाद अरविंद केजरीवाल के लिए दी गई पंजाब पुलिस की सुरक्षा हटा दी गई है।’ उन्होंने कहा कि ‘अरविंद केजरीवाल को सिक्योरिटी थ्रेट्स हैं, जिससे हमें चिंता है, और हम दिल्ली पुलिस से बात कर रहे हैं।’
इस मामले को लेकर दिल्ली में सियासी माहौल गरम हो गया है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने दबाव डालकर अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा पंजाब पुलिस से हटवा दी। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। वहीं, पंजाब के एडीजीपी सुरक्षा एसएस श्रीवास्तव ने बताया कि ‘पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को पंजाब की जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। सिक्योरिटी में तैनात कुछ सुरक्षाकर्मी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा ड्यूटी में शामिल थे, लेकिन दिल्ली पुलिस की आपत्ति के बाद हमने सुरक्षा वापस ले ली है।’
यह मामला दिल्ली के सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है, जहां विपक्षी दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं, पंजाब पुलिस ने यह भी साफ किया कि सुरक्षा संबंधी निर्णय सार्वजनिक सुरक्षा के मद्देनजर लिए गए हैं।