City Headlines

Home Accident जलपाईगुड़ी दुर्घटना : बचाव अभियान में प्रशासन के सहयोगी बने संघ और भाजपा कार्यकर्ता

जलपाईगुड़ी दुर्घटना : बचाव अभियान में प्रशासन के सहयोगी बने संघ और भाजपा कार्यकर्ता

by City Headline
Jalpaiguri, Malbazar, Mal River, Idol Immersion, Kolkata, RSS, BJP

कोलकाता। जलपाईगुड़ी के मालबाजार स्थित माल नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई दुर्घटना के बाद बचाव कार्य में प्रशासन के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी जुट गए हैं। देर रात के समय ही संघ के स्वयंसेवक मौके पर पहुंच गए थे और नदी के बीच फंसे लोगों को बाहर निकालने में प्रशासन को सहयोग करते देखे गये। घटना में गुरुवार सुबह तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि अभी भी कई अन्य लोग लापता हैं। लगातार बारिश की वजह से राहत और बचाव कार्य बाधित हो रहा है। कई और लापता हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष और प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने दुख जताया है।
भाजपा नेता दिलीप घोष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जलपाईगुड़ी के मालबाजार की माल नदी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हरपा बांध में करीब 30 से 40 लोग बह गए। बचाव कार्य में भाजपा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं माँ महामाया से प्रार्थना करता हूँ, कि बाकी सभी स्वस्थ रहें। प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता भी आम लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। मृतकों की आत्मा को शांति मिले, मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी स्वस्थ रहें।
स्थानीय प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक बचाव अभियान बुधवार आधी रात तक जारी रहा लेकिन भारी बारिश के कारण बचाव कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। गुरुवार सुबह नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 70 मूर्तियों को विसर्जन के लिए लाया गया था। उनमें से 25 से 30 मूर्तियों ही विसर्जित हो सकी थीं कि यह हादसा हो गया। बुधवार को जलपाईगुड़ी की माल नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान मौके पर आठ सिविल डिफेंस के कर्मचारी मौजूद थे। उनमें से एक कर्मचारी ने बताया कि उनके पास रस्सी के अलावा कुछ नहीं था। उन्होंने दावा किया कि अगर आपदा के समय अधिक सिविल डिफेंस कर्मचारी होते, तो बचाव कार्य तेजी से किया जा सकता था।