City Headlines

Home Uncategorized जनता के बीच रहेंगे योगी के मंत्री, 18 मंत्रियों समूह किय़ा गया गठित

जनता के बीच रहेंगे योगी के मंत्री, 18 मंत्रियों समूह किय़ा गया गठित

by City Headline

लखनऊ

योगी सरकार अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए अब जनता के द्वार पहुंचेगी। अपने दूसरे कार्यकाल के एक माह में 100 दिनों से लेकर पांच वर्ष तक की कार्ययोजनाओं का खाका खींच चुकी है। सरकार के मंत्री जनता के बीच जाकर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। योजनाओं की हकीकत जानेंगे। कानून व्यवस्था की समीक्षा के अलावा जनता से उसकी समस्याओं व उनके समाधान के बारे में फीडबैक हासिल करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए कैबिनेट मंत्रियों की अध्यक्षता में 18 मंत्री समूह गठित किये हैं जो विधानमंडल के बजट सत्र से पहले मंडलवार दौरे कर 15 मई तक अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंपेंगे। लाल बहादुर शास्त्री भवन में मंत्रिपरिषद की विशेष बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से ‘सरकार जनता के द्वारÓ कार्यक्रम की कार्ययोजना साझा की।

योगी ने मंत्रियों से कहा कि सभी विभागों की 100 दिन, छह माह, एक वर्ष, दो वर्ष और पांच वर्ष की कार्ययोजनाएं तैयार हो चुकी हैं। अब इन कार्ययोजनाओं को साकार करने का समय है। सभी मंत्री विभागीय अधिकारियों का मार्गदर्शन करें। परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित कराएं। अब ‘सरकार जनता के द्वारÓ पहुंचेगी। 18 मंत्री समूह गठित किए गए हैं।

दोनों उप-मुख्यमंत्रियों की टीम में एक-एक राज्य मंत्री शामिल हैं। बाकी मंत्री समूह तीन सदस्यीय होंगे। यह 18 समूह प्रदेश के 18 मंडलों का भ्रमण करेंगे। भ्रमण का कार्यक्रम शुक्रवार से रविवार तक होगा। पहले चरण में प्रदेश भ्रमण करने के बाद मंत्री समूहों को रोटेशन प्रणाली के तहत दूसरे मंडलों की जिम्मेदारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री खुद अयोध्या मंडल का भ्रमण कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन दिवसीय मंडलीय भ्रमण के दौरान हर टीम को एक जिले में कम से कम 24घंटे रहना होगा। टीम का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ मंत्री कम से कम दो जिलों का भ्रमण करेंगे। बाकी मंत्रियों को सुविधानुसार एक-एक जिले की जिम्मेदारी दी जाए। मंडलीय भ्रमण के दौरान मंत्री समूह एक मंडलीय समीक्षा बैठक करेगा जिसमें जिलों को वर्चुअली जोड़ा जा सकता है।

इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मंत्री पूर्व जनप्रतिनिधियों/ संगठन/ विचार परिवार के सदस्यों के साथ भी बैठक करेंगे और उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं व सुझावों को सुनकर उसका निदान कराने का प्रयास करेंगे। मंडलीय समीक्षा बैठकों में विभागीय प्रस्तुतीकरण भी होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री समूहों के हर सदस्य को रात्रि विश्राम किसी जिले में सरकारी अतिथि गृह में ही करना होगा। सभी मंत्रियों को सोमवार व मंगलवार को अनिवार्य रूप से राजधानी में रहना होगा। शुक्रवार से रविवार तक उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र/प्रभार के जिलों में जनता के बीच रहने का कार्यक्रम बनाना होगा।

योगी ने मंत्री समूह को भ्रमण के दौरान जन चौपाल कार्यक्रम के जरिये जनता से सीधा संवाद करने की हिदायत दी। किसी एक विकास खंड/तहसील का आकस्मिक निरीक्षण करने के लिए कहा। दलित/मलिन बस्ती में सहभोज का कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता परखने और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भेंट कर उनका फीडबैक लेने पर भी जोर दिया।

Leave a Comment